'अच्छे से या कठिन तरीके से समझौता होगा' ईरान द्वारा होर्मुज स्ट्रेट फिर से बंद करने पर भड़के डोनाल्ड ट्रंप, दे दी बड़ी चेतावनी

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान पर सीजफायर का गंभीर उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए साफ-साफ चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि ईरान के साथ समझौता तो होगा, लेकिन वह अच्छे तरीके से हो या फिर सख्त तरीके से.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर सीजफायर का गंभीर उल्लंघन करने का आरोप लगाया है. ईरान के होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा बंद करने के फैसले पर ट्रंप काफी नाराज दिखे हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान के साथ समझौता तो होगा, लेकिन वह अच्छे तरीके से हो या फिर सख्त तरीके से.

ट्रंप का सख्त बयान

ट्रंप ने कहा, “यह समझौता होगा. एक न एक तरीके से. अच्छे तरीके से या कठिन तरीके से.” उन्होंने ईरान पर आरोप लगाया कि तेहरान अमेरिकी नाकेबंदी का बहाना बनाकर होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर रहा है. ट्रंप ने साफ कहा कि ईरान अमेरिका को ब्लैकमेल नहीं कर सकता.

ईरान ने कुछ समय पहले होर्मुज स्ट्रेट खोलने की घोषणा की थी, लेकिन अब उसने अपना फैसला पलट दिया है. ईरान का कहना है कि जब तक अमेरिका उसके बंदरगाहों पर लगाई गई समुद्री नाकेबंदी नहीं हटाएगा, तब तक यह जलमार्ग बंद रहेगा.

होर्मुज स्ट्रेट का महत्व

होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. यहां से दुनिया का लगभग 20 प्रतिशत तेल गुजरता है. इस रास्ते को बंद करने से वैश्विक ऊर्जा संकट गहरा सकता है और तेल की कीमतें बढ़ सकती हैं.

ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड ने शनिवार रात घोषणा की कि स्ट्रेट पूरी तरह बंद रहेगा. कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि ईरानी गनबोट्स ने एक तेल टैंकर पर फायरिंग भी की, हालांकि उसमें सवार लोग सुरक्षित बताए गए हैं.

मध्य पूर्व में तनाव जारी

मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के बीच इजरायल और लेबनान में हिज्बुल्लाह के साथ 10 दिन का युद्धविराम अभी कायम है. इस पूरे संघर्ष में अब तक हजारों लोग मारे जा चुके हैं. ईरान में करीब 3000, लेबनान में 2300, इजरायल में 38 और अमेरिका के 13 सैनिकों की मौत हुई है. हालात अभी भी नाजुक है और तनाव किसी भी समय बढ़ सकता है.

पाकिस्तान में वार्ता की तैयारी

अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति वार्ता के दूसरे दौर की तैयारियां पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में चल रही है. पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है. सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

ईरान के मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बाघेर गलीबाफ ने कहा कि उनका देश स्थायी शांति चाहता है, लेकिन अमेरिका पर भरोसा करने में दिक्कत है. उन्होंने साफ किया कि नाकेबंदी हटाए बिना होर्मुज में आवाजाही सीमित रहेगी. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो