नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट एक बार फिर युद्ध की दहलीज पर खड़ा है, जहां अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष की आशंकाएं तेजी से बढ़ रही हैं. हाल ही में पेंटागन में अमेरिका और इजरायल के शीर्ष सैन्य अधिकारियों के बीच एक गुप्त बैठक हुई, जिसने इस तनाव को और गहरा कर दिया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बैठक में ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई पर चर्चा हुई है. अमेरिकी जनरल डैन केन और इजरायली सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ स्टाफ आयल जमीर के बीच हुई इस बैठक के बाद इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने देश के शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों के साथ ताबड़तोड़ बैठकें की हैं.
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू करता है, तो यह संघर्ष केवल दो देशों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे क्षेत्र में फैल जाएगा. उन्होंने कहा कि ईरान युद्ध की शुरुआत नहीं करेगा, लेकिन अगर हमला होता है, तो ईरानी जनता जवाब देगी.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि विमानवाहक पोत अब्राहम लिंकन के नेतृत्व में एक विशाल नौसैनिक बेड़ा ईरान की ओर बढ़ रहा है. उन्होंने चेतावनी दी है कि अमेरिका के साथ समझौते के लिए ईरान के पास समय तेजी से खत्म हो रहा है. First Updated : Monday, 02 February 2026