ट्रम्प का नया फरमान... अमेरिका में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के नागरिकों की जल्द एंट्री होगी बैन, जानें क्यों ?
ट्रम्प प्रशासन सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान और अफगानिस्तान के लोगों की एंट्री पर सख्त बैन लगाने की तैयारी में है! यह नया यात्रा प्रतिबंध अगले हफ्ते से लागू हो सकता है, जिससे हजारों अफगान शरणार्थियों और वीजा धारकों का भविष्य अंधेरे में पड़ सकता है.लेकिन आखिर ट्रम्प ये सख्त कदम क्यों उठा रहे हैं? जानिए पूरी कहानी यहां

Trump New Ban: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के साथ ही आव्रजन (इमिग्रेशन) पर सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है. अब खबर आ रही है कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश पर रोक लग सकती है. रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रम्प प्रशासन इन दोनों देशों के लिए एक नया यात्रा प्रतिबंध लागू करने की योजना बना रहा है, जो अगले हफ्ते से प्रभावी हो सकता है.
क्यों लग रहा है प्रतिबंध?
रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका ने सुरक्षा और जांच प्रक्रियाओं की समीक्षा करते हुए एक सूची तैयार की है, जिसमें उन देशों को शामिल किया गया है जिनसे आने वाले यात्रियों को अमेरिका में प्रवेश करने से रोका जा सकता है. इसमें पाकिस्तान और अफगानिस्तान के अलावा कुछ अन्य देशों के नाम भी हो सकते हैं, लेकिन फिलहाल उनकी पुष्टि नहीं हुई है.
ट्रम्प प्रशासन का कहना है कि इन देशों से आने वाले लोगों की गहन सुरक्षा जांच के लिए पर्याप्त जानकारी उपलब्ध नहीं होती, जिससे संभावित सुरक्षा खतरे बढ़ जाते हैं. यही वजह है कि अमेरिका अब इन देशों पर यात्रा प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रहा है.
पहले भी लगा था ऐसा बैन!
यह कदम ट्रम्प के पहले कार्यकाल के उस विवादास्पद फैसले की याद दिलाता है, जब उन्होंने सात मुस्लिम-बहुल देशों के यात्रियों पर प्रतिबंध लगाया था. हालांकि, 2021 में जो बाइडेन सरकार ने इस प्रतिबंध को हटा दिया था और इसे "अमेरिका की राष्ट्रीय अंतरात्मा पर धब्बा" बताया था. लेकिन अब ट्रम्प एक बार फिर इसी तरह की नीति लागू कर रहे हैं.
गंभीर असर पड़ेगा अफगान शरणार्थियों पर
इस नए प्रतिबंध का सबसे बड़ा असर उन हजारों अफगानों पर पड़ सकता है, जो शरणार्थी के तौर पर या विशेष आप्रवासी वीजा (SIV) के जरिए अमेरिका जाने की योजना बना रहे थे. ये वे लोग हैं जिन्होंने 20 साल तक चले अमेरिका-अफगानिस्तान युद्ध के दौरान अमेरिकी सेना के लिए काम किया था. तालिबान के डर से वे अमेरिका में सुरक्षित जीवन की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन अब उनके सपनों पर पानी फिर सकता है.
रिपोर्ट में कहा गया है कि करीब 2 लाख अफगानी शरणार्थी अमेरिका में पुनर्वास के इंतजार में हैं. इनमें से 20,000 लोग पाकिस्तान में फंसे हुए हैं, जहां वे अमेरिकी वीजा मिलने का इंतजार कर रहे थे. ट्रम्प ने पहले ही 20 जनवरी को शरणार्थियों की एंट्री और उनके लिए धन जुटाने वाली सहायता को 90 दिनों के लिए रोकने का आदेश दिया था.
जल्द यात्रा करें वरना देर हो सकती है!
#AfghanEvac संगठन के प्रमुख शॉन वैनडाइवर ने वैध अमेरिकी वीजा धारकों को सलाह दी है कि वे जल्द से जल्द अमेरिका पहुंचने की कोशिश करें. उन्होंने कहा, "हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन अमेरिकी सरकार से जुड़े कई सूत्रों का कहना है कि यह नया यात्रा प्रतिबंध अगले हफ्ते के भीतर लागू हो सकता है."
क्या होगा आगे?
इस नीति पर अभी अमेरिका के विदेश, न्याय और गृह सुरक्षा विभागों ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. हालांकि, ऐसी खबरें हैं कि अमेरिकी विदेश विभाग उन विशेष अप्रवासी वीजा (SIV) धारकों के लिए यात्रा प्रतिबंध से छूट की मांग कर सकता है, लेकिन इसकी मंजूरी मिलना मुश्किल है.
ट्रम्प की बड़ी आव्रजन नीति का हिस्सा
ट्रम्प पहले ही कह चुके हैं कि वे गाजा, लीबिया, सोमालिया, सीरिया, यमन और अन्य "सुरक्षा के लिए खतरनाक" देशों के लोगों की एंट्री पर भी प्रतिबंध लगा सकते हैं. अक्टूबर 2023 में अपने भाषण में उन्होंने इस नीति का संकेत दिया था.
क्या होगा पाकिस्तानियों के लिए?
पाकिस्तान भी इस फैसले से प्रभावित होगा. अमेरिका को लगता है कि पाकिस्तान में भी कट्टरपंथी ताकतों का प्रभाव बढ़ रहा है, जिससे सुरक्षा जोखिम बढ़ सकता है. ऐसे में ट्रम्प प्रशासन पाकिस्तानियों के लिए वीजा प्रोसेस और एंट्री को मुश्किल बना सकता है. ट्रम्प के इस फैसले से हजारों लोगों की जिंदगी पर असर पड़ेगा. खासकर वे अफगान नागरिक, जिन्होंने अमेरिका की मदद की थी, अब खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. अगर यह प्रतिबंध लागू हो गया, तो हजारों शरणार्थियों और अप्रवासियों के लिए अमेरिका का दरवाजा हमेशा के लिए बंद हो सकता है. अब सबकी नजरें व्हाइट हाउस की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं.


