चीन में ततैयों के हमले से दो मासूमों की मौत, लड़के को 300 और बच्ची को 700 से अधिक बार डंक मारे गए
दक्षिण-पश्चिमी चीन के युन्नान प्रांत में एक दर्दनाक हादसे में दो छोटे भाई-बहनों की ततैयों के हमले से मौत हो गई. यह घटना 28 जून को मडिंग काउंटी के एक गांव में हुई.

दक्षिण-पश्चिमी चीन के युन्नान प्रांत में एक दर्दनाक हादसे में दो छोटे भाई-बहनों की ततैयों के हमले से मौत हो गई. यह घटना 28 जून को मडिंग काउंटी के एक गांव में हुई, जहां सात वर्षीय लड़का और उसकी दो वर्षीय बहन खेत के पास खेलते समय सैकड़ों ततैयों का शिकार बन गए. बच्चों के माता-पिता प्रवासी मज़दूर हैं और पूर्वी चीन के झेजियांग प्रांत में काम करते हैं, जबकि बच्चे अपने दादा-दादी के साथ गांव में रहते थे.
खेत गए थे बच्चे
घटना के दिन उनकी दादी उन्हें खेत में अपने साथ ले गई थीं. खेत में काम करते समय बच्चे पास के देवदार के जंगल में भटक गए, जहां उन पर ततैयों ने हमला कर दिया. एक स्थानीय ग्रामीण ने बच्चों की चीखें सुनीं और मौके पर पहुंचा, लेकिन उसे भी डंक लगे. वह तुरंत दादी को बुलाने दौड़ा. दादी ने जान जोखिम में डालकर बच्चों को बचाने की कोशिश की. दुर्भाग्यवश, बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई और गंभीर रूप से घायल लड़का अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद अगले दिन चल बसा. दादी भी गंभीर रूप से घायल हुईं और एक हफ्ते तक अस्पताल में भर्ती रहीं.
पुलिस जांच में पता चला कि ये ततैयां वेस्पा वेलुटिना निग्रिथोरैक्स प्रजाति की थीं, जिन्हें पीले पैरों वाली हॉर्नेट के नाम से जाना जाता है. इन ततैयों को ली नामक एक स्थानीय किसान ने पाला था. ली ने स्वीकार किया कि उसने इन्हें उनके क्रिसलिस (लार्वा) को बेचने के लिए रखा था, जो स्थानीय व्यंजन के रूप में इस्तेमाल होते हैं. उसने इसके लिए 50,000 युआन का निवेश किया था. हालांकि, उसने इस प्रजाति का आधिकारिक पंजीकरण नहीं कराया था, जो कानूनन आवश्यक था.
पीड़ित परिवार को 40,000 युआन मुआवजा
फोरेंसिक रिपोर्ट में सामने आया कि लड़के को 300 और बच्ची को 700 से अधिक बार डंक मारे गए थे. पुलिस ने ली को लापरवाही से हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया, लेकिन बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया. ली ने पीड़ित परिवार को 40,000 युआन मुआवजा दिया. इस घटना के बाद प्रशासन ने ततैयों की अवैध खेती पर सख्ती शुरू कर दी है और पीले पैरों वाली हॉर्नेट की पालने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है.


