क्या पोप पर हमला ट्रंप को पड़ेगा भारी, खुद ही अपने वोटरों को कर दिया नाराज?
ट्रंप और पोप के बीच बढ़ता विवाद अब राजनीति से आगे बढ़कर धार्मिक मुद्दा बन गया है. AI तस्वीर और तीखे बयानों ने माहौल गरमा दिया है, जिससे ट्रंप के समर्थन आधार पर असर पड़ सकता है.

अमेरिका की राजनीति और धर्म के बीच टकराव एक बार फिर सुर्खियों में है. इस बार मामला और भी दिलचस्प हो गया है क्योंकि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और दुनिया भर के कैथोलिक ईसाइयों के प्रमुख पोप लियो XIV आमने-सामने आ गए हैं. बयानबाजी से शुरू हुआ यह विवाद अब सोशल मीडिया, धर्म और राजनीति के बड़े टकराव में बदल चुका है, जिसका असर आने वाले चुनावों पर भी पड़ सकता है.
इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब पोप लियो ने ट्रंप सरकार की नीतियों पर खुलकर सवाल उठाए. उन्होंने प्रवासियों पर सख्ती, वेनेजुएला में अमेरिकी दखल और अब ईरान के साथ चल रहे संघर्ष का विरोध किया. ट्रंप ने इन आलोचनाओं का जवाब देते हुए पोप पर सीधा हमला बोला. उन्होंने कहा कि पोप अपराध और विदेश नीति जैसे मुद्दों पर कमजोर हैं. इतना ही नहीं, ट्रंप ने यह दावा भी कर दिया कि पोप लियो को उनके समर्थन की वजह से ही पद मिला.
AI तस्वीर से बढ़ा बवाल
विवाद तब और बढ़ गया जब ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक AI से बनी तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वह खुद को ईसा मसीह जैसा दिखा रहे थे. इस तस्वीर को लेकर काफी विरोध हुआ, जिसके बाद उन्होंने इसे हटा दिया. बाद में ट्रंप ने सफाई देते हुए कहा कि उन्हें लगा था कि यह तस्वीर उन्हें एक डॉक्टर के रूप में दिखा रही है. हालांकि, तब तक यह मामला काफी तूल पकड़ चुका था.
आमने-सामने ट्रंप और पोप
अब यह टकराव सिर्फ बयानबाजी तक सीमित नहीं रहा. एक तरफ ट्रंप माफी मांगने से इनकार कर रहे हैं, तो दूसरी ओर पोप लियो भी अपने रुख पर कायम हैं. पोप ने साफ कहा कि उन्हें ट्रंप सरकार से कोई डर नहीं है और वे अपने विचार खुलकर रखते रहेंगे. वहीं ट्रंप ने भी दो टूक कहा कि उन्हें माफी मांगने की कोई जरूरत नहीं है.
ट्रंप के लिए क्यों खतरनाक हो सकता है विवाद?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह विवाद ट्रंप के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है. खासकर इसलिए क्योंकि उनका बड़ा वोट बैंक ईसाई समुदाय से आता है. ट्रंप को पहले भी ईसाई मतदाताओं का मजबूत समर्थन मिलता रहा है, लेकिन अब उनके बयानों से यही वर्ग नाराज हो सकता है. कैथोलिक नेताओं ने भी ट्रंप की भाषा पर नाराजगी जताई है.
अमेरिका में आने वाले चुनावों को देखते हुए यह विवाद और भी अहम हो गया है. अगर धार्मिक मतदाता ट्रंप से दूरी बनाते हैं, तो रिपब्लिकन पार्टी को नुकसान उठाना पड़ सकता है. इसके अलावा, ईरान के साथ बढ़ते तनाव और तेल की कीमतों में उछाल भी आर्थिक चिंता का कारण बन रहे हैं, जो चुनावी माहौल को प्रभावित कर सकते हैं.
पहले भी रहे हैं मतभेद, लेकिन ऐसा नहीं
इतिहास में अमेरिकी राष्ट्रपतियों और पोप के बीच मतभेद पहले भी हुए हैं, लेकिन इस बार स्थिति अलग है. विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह का सीधा और तीखा टकराव पहले कभी देखने को नहीं मिला. राजनीति के जानकारों का मानना है कि यह विवाद एक नई मिसाल बन सकता है, जो भविष्य में धर्म और राजनीति के रिश्तों को प्रभावित करेगा.
ट्रंप के अपने समर्थक भी नाराज
दिलचस्प बात यह है कि ट्रंप के कुछ पुराने समर्थकों ने भी उनकी आलोचना की है. कई कंजरवेटिव नेताओं और टिप्पणीकारों ने AI तस्वीर और उनके बयानों को गलत बताया है. उन्होंने ट्रंप से संयम बरतने और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने की अपील की है. 2024 के चुनाव में ट्रंप को बड़ी संख्या में ईसाई वोट मिले थे, खासकर ईवेंजेलिकल समुदाय से. लेकिन कैथोलिक समुदाय में उनका समर्थन उतना मजबूत नहीं रहा.


