UAE की नाराजगी के कारण डूबेगी पाक की अर्थव्यवस्था? कर्ज संकट से जूझ रहा पाकिस्तान

UAE द्वारा 3 अरब डॉलर का कर्ज आगे न बढ़ाने से पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पर भारी दबाव बढ़ गया है. विदेशी मुद्रा भंडार घटने और कर्ज भुगतान की चुनौती के बीच देश गंभीर वित्तीय संकट का सामना कर रहा है.

Shraddha Mishra

पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पहले ही महंगे कच्चे तेल और कमजोर वित्तीय हालात से जूझ रही थी, लेकिन अब उसे एक और बड़ा झटका लगा है. सात साल में पहली बार ऐसा हुआ है जब संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने पाकिस्तान को दिए गए 3 अरब डॉलर के कर्ज को आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया है. इस फैसले ने पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति को और मुश्किल में डाल दिया है.

यह 3 अरब डॉलर पाकिस्तान के कुल विदेशी मुद्रा भंडार का बड़ा हिस्सा है. अगर इसे तुरंत चुकाना पड़ता है, तो देश के खजाने पर सीधा असर पड़ेगा. हाल ही में पाकिस्तान के पास लगभग 16.4 अरब डॉलर का विदेशी मुद्रा भंडार था, जो केवल तीन महीने के आयात के लिए ही काफी माना जाता है. ऐसे में इतनी बड़ी रकम का निकलना आर्थिक स्थिरता को कमजोर कर सकता है.

UAE के फैसले के पीछे क्या कारण?

संयुक्त अरब अमीरात के इस कदम के पीछे असली वजह साफ नहीं है. पाकिस्तान सरकार ने इसे सामान्य वित्तीय प्रक्रिया बताया है, ताकि किसी भी राजनीतिक विवाद की बात को नकारा जा सके. हालांकि, कुछ जानकार मानते हैं कि कर्ज की शर्तों पर सहमति नहीं बन पाई. कुछ विशेषज्ञ यह भी कहते हैं कि पाकिस्तान के सऊदी अरब के साथ बढ़ते संबंध इस फैसले का एक कारण हो सकते हैं. इसके अलावा, यह भी संभावना जताई जा रही है कि पाकिस्तान ने ऊंची ब्याज दर पर कर्ज बढ़ाने के बजाय उसे चुकाने का फैसला किया हो.

बाजार और मुद्रा पर असर

हाल के समय में पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF), चीन और सऊदी अरब जैसे देशों से मदद मिली थी, जिससे उसकी अर्थव्यवस्था कुछ हद तक संभली थी. लेकिन इस नए घटनाक्रम के बाद शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली है पाकिस्तानी रुपया पहले डॉलर के मुकाबले स्थिर था, लेकिन अब इस पर भी दबाव बढ़ सकता है. वहीं, देश का प्रमुख शेयर बाजार सूचकांक हाल के समय में गिरा है, जिससे निवेशकों का भरोसा कमजोर हुआ है.

दोहरी चुनौती का सामना

पाकिस्तान के सामने सिर्फ यही समस्या नहीं है. इसी महीने उसे अंतरराष्ट्रीय निवेशकों को करीब 1.3 अरब डॉलर का बॉन्ड भुगतान भी करना है. इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष से मिलने वाली अगली किस्त भी अभी तक जारी नहीं हुई है, जिससे वित्तीय संकट और गहरा सकता है.

सरकार के पास क्या विकल्प?

इस स्थिति से निपटने के लिए पाकिस्तान के केंद्रीय बैंक को कुछ सख्त कदम उठाने पड़ सकते हैं. इनमें आयात पर नियंत्रण, ब्याज दरों में बढ़ोतरी और बैंकों से उधारी जैसे उपाय शामिल हो सकते हैं. कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि 'डॉलर स्वैप' जैसे पुराने तरीकों का सहारा लिया जा सकता है, हालांकि इस पर भी सीमाएं हैं और अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं इसे पसंद नहीं करतीं.

पाकिस्तान पहले संयुक्त अरब अमीरात के कर्ज को निवेश में बदलने की कोशिश कर चुका है. UAE की कई कंपनियों ने पाकिस्तान में निवेश भी किया है, जिसमें बैंकिंग और पोर्ट सेक्टर शामिल हैं. लेकिन मौजूदा हालात में इन योजनाओं का भविष्य अनिश्चित नजर आ रहा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो