गर्मियों में बढ़ते तापमान के बीच शरीर को स्वस्थ रखने के लिए पानी पीना सबसे जरूरी है. कार को चलाने के लिए जैसे ईंधन की जरूरत होती है, ठीक उसी तरह शरीर को सही ढंग से काम करने के लिए पर्याप्त पानी की आवश्यकता होती है. डायटीशियन के अनुसार, शरीर के वजन के हर 30 किलोग्राम पर लगभग एक लीटर पानी पीना चाहिए. गर्मी के मौसम में पानी की कमी से कई स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं, जिनमें सबसे खतरनाक हीट स्ट्रोक या लू लगना शामिल है.
शरीर में पानी की कमी के शुरुआती लक्षणों को पहचानकर समय रहते सावधानी बरतना जरूरी है. विशेषज्ञों ने बताया है कि गर्मियों में डिहाइड्रेशन के पांच प्रमुख लक्षण दिख सकते हैं, जिन्हें नजरअंदाज करने से स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है.
हल्का डिहाइड्रेशन होने पर भी दिमाग और मांसपेशियों में ऑक्सीजन का प्रवाह कम हो जाता है. दोपहर में अचानक एनर्जी की कमी महसूस होना हमेशा खाने की वजह से नहीं होता. कई बार यह सिर्फ शरीर में पानी की कमी के कारण होता है.
कई बार प्यास लगने पर भी शरीर इसे भूख समझ लेता है. नतीजतन लोग ज्यादा खाना शुरू कर देते हैं, जिससे वजन अनियंत्रित रूप से बढ़ने लगता है. यह समस्या मुख्य रूप से पर्याप्त पानी न पीने की वजह से होती है.
डिहाइड्रेशन ब्रेन टिशू को सिकोड़ देता है, जिसकी वजह से सिरदर्द शुरू हो जाता है. ज्यादातर लोग इसे तनाव से जोड़ते हैं, लेकिन कई मामलों में यह पानी की कमी के कारण होता है.
स्किन का 64 प्रतिशत हिस्सा पानी से बना होता है. जब शरीर में पानी की कमी होती है, तो यह प्रभाव स्किन पर साफ दिखाई देता है. कोई भी स्किनकेयर प्रोडक्ट पानी जितना असर नहीं कर सकता. बालों का झड़ना भी डिहाइड्रेशन का एक आम लक्षण है.
पेट को खाने को पचाने के लिए पानी की जरूरत पड़ती है. पानी की कमी होने पर पाचन क्रिया धीमी पड़ जाती है और कब्ज की समस्या शुरू हो जाती है. इससे पेट फूलने की शिकायत भी बढ़ जाती है. इन सभी समस्याओं से बचने का सबसे आसान और मुफ्त उपाय है. रोजाना पर्याप्त मात्रा में पानी पीना. एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि कम से कम 8 गिलास पानी रोजाना पिएं. गर्मियों में इसकी मात्रा बढ़ा सकते हैं. अगर आप व्यायाम करते हैं तो और ज्यादा पानी पीना चाहिए. सही मात्रा में पानी पीने से गर्मियों की इन दिक्कतों से आसानी से निपटा जा सकता है. First Updated : Sunday, 26 April 2026