मक्खन से लबालब 'बेन्ने डोसा'... कर्नाटक की ये डिश क्यों बन गई देशभर में सुपरहिट? बाहर कुरकुरा, अंदर मुलायम
कर्नाटक के दावणगेरे का मशहूर बेन्ने डोसा अब पूरे देश में धूम मचा रहा है. ढेर सारा मक्खन डालकर बनने वाला ये डोसा बेहद कुरकुरा, सुनहरा और लाजवाब स्वाद वाला होता है. आम डोसे से इसका टेस्ट और क्रिस्पीपन बिल्कुल अलग है. तो आइए, जानते हैं क्या है इसकी खासियत.

डोसा भारतीय व्यंजनों में सबसे लोकप्रिय स्नैक में से एक है. चाहे मसाला डोसा हो, प्लेन डोसा, रवा डोसा या प्याज डोसा, हर किसी का अपना फेवरेट होता है. लेकिन अब दिल्ली-एनसीआर में एक नई वैरायटी ने खूब धूम मचा रखी है, जिसे लोग लंबी-लंबी कतारों में लगकर खा रहे हैं. यह है 'बेन्ने डोसा' मक्खन से लबरेजार, कुरकुरा बाहर और अंदर से रूई जैसा मुलायम डोसा, जो मुंबई के बाद अब दिल्ली में भी सुपरहिट हो चुका है.
कर्नाटक की यह खास डिश अब पूरे देश में अपनी अलग पहचान बना रही है. लोग इसे सिर्फ स्वाद के लिए नहीं, बल्कि उसके अनोखे टेक्सचर और भरपूर मक्खन के लिए तरस रहे हैं. आइए जानते हैं कि बेन्ने डोसा आखिर है क्या, सामान्य डोसे से इसमें क्या फर्क है और घर पर इसे परफेक्ट तरीके से कैसे बनाया जा सकता है.
बेन्ने डोसा क्या है?
'बेन्ने' कन्नड़ भाषा में मक्खन को कहते हैं. यानी बेन्ने डोसा वह डोसा है जिसमें भरपूर मात्रा में मक्खन डाला जाता है. यह कर्नाटक के दावणगेरे शहर से निकला है और करीब 100 साल पहले एक महिला द्वारा शुरू की गई खास रेसिपी से प्रसिद्ध हुआ. धीरे-धीरे इसकी लोकप्रियता बढ़ती गई और आज यह कर्नाटक का सिग्नेचर डिश बन चुका है.सामान्य डोसे की तुलना में बेन्ने डोसा थोड़ा छोटा और मोटा होता है. इसका बैटर चावल, उड़द दाल और मुरमुरे से तैयार किया जाता है, जो इसे खास क्रिस्पी और सॉफ्ट टेक्सचर देता है.
बेन्ने डोसा क्यों इतना खास है?
बेन्ने डोसा की असली खासियत उसकी बनावट और पकाने का तरीका है. इसमें ढेर सारा मक्खन डाला जाता है, जो डोसे को बाहर से सुनहरा-कुरकुरा और अंदर से मुलायम बनाता है. इसे आमतौर पर आलू की मसालेदार फिलिंग के साथ तैयार किया जाता है और केवल नारियल की चटनी के साथ परोसा जाता है.
घर पर बनाएं परफेक्ट बेन्ने डोसारेस्टोरेंट स्टाइल बेन्ने डोसा घर पर बनाना आसान है, बस बैटर सही तरीके से तैयार करना जरूरी है.
सामग्री:-
-
3 कप चावल (सोना मसूरी या डोसा राइस)
-
1 कप उड़द दाल
-
1 कप मुरमुरे (पानी में भिगोए हुए)
-
आधा चम्मच मेथी दाना
-
नमक स्वादानुसार
-
सफेद मक्खन ( भरपूर मात्रा में)
बनाने की विधि
-
सबसे पहले चावल, उड़द दाल और मेथी दाने को अलग-अलग बर्तनों में 5-6 घंटे भिगो दें.
-
फिर भिगोए हुए चावल, दाल और भीगे मुरमुरे को मिलाकर बारीक पीस लें. बैटर न ज्यादा गाढ़ा हो और न ही बहुत पतला रखें.
-
इस बैटर को बड़े बर्तन में निकालकर 8-10 घंटे या रात भर फर्मेंट होने दें. अच्छा फर्मेंटेशन ही डोसे को सॉफ्ट बनाता है.
-
तवे को मीडियम आंच पर गर्म करें, थोड़ा पानी छिड़ककर पोंछ लें.
-
बैटर को तवे के बीच में डालकर हल्के हाथ से फैलाएं, बहुत पतला न बनाएं.
-
किनारों और ऊपर खूब सारा मक्खन डालें. तब तक पकाएं जब तक नीचे की सतह सुनहरी और कुरकुरी न हो जाए.
-
इसे आमतौर पर एक तरफ से ही पकाया जाता है, लेकिन जरूरत पड़ने पर हल्का पलट भी सकते हैं.
-
गर्मा-गर्म बेन्ने डोसा तैयार है. इसे नारियल चटनी और आलू के मसाले के साथ सर्व करें.


