सफेद कपड़ों का पीलापन अब नहीं बनेगी परेशानी, इन आसान तरीकों से लौटेगी नई जैसी चमक
सफेद कपड़ों का पीलापन अक्सर धूप, पसीने और गलत धुलाई के कारण होता है, जिससे उनकी चमक कम हो जाती है. व्हाइटनर, ऑक्सीजन ब्लीच, बेकिंग सोडा और सफेद सिरका जैसे आसान उपाय अपनाकर कपड़ों की सफेदी और चमक फिर से वापस लाई जा सकती है.

सफेद कपड़े हर किसी की अलमारी का अहम हिस्सा होते हैं, क्योंकि ये साफ-सुथरे और आकर्षक दिखते हैं. लेकिन अक्सर लोगों की शिकायत होती है कि उनके सफेद कपड़े कुछ समय बाद पीले पड़ने लगते हैं या उनकी चमक फीकी हो जाती है. इससे कपड़े पुराने और बेकार नजर आने लगते हैं. लेकिन कुछ आसान उपाय अपनाकर आप अपने सफेद कपड़ों की चमक को दोबारा वापस ला सकते हैं.
सफेद कपड़े धोते समय न करें ये गलतियां
अक्सर लोग सफेद कपड़े धोते समय कुछ ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जिससे कपड़ों का रंग खराब हो जाता है. उदाहरण के लिए बहुत ज्यादा कठोर डिटर्जेंट का इस्तेमाल करना, फैब्रिक सॉफ्टनर का जरूरत से ज्यादा उपयोग, गंदे वॉशिंग मशीन में कपड़े धोना या गलत तापमान वाले पानी का प्रयोग करना. ये सभी कारण कपड़ों के रेशों को कमजोर कर देते हैं और उनकी सफेदी कम होने लगती है.
अगर आपके सफेद कपड़े पीले पड़ गए हैं, तो व्हाइटनिंग सॉल्यूशन का इस्तेमाल एक अच्छा विकल्प हो सकता है. यह विशेष रूप से कपड़ों की चमक लौटाने के लिए बनाया जाता है. इसे आप धुलाई से पहले प्री-ट्रीटमेंट के तौर पर भी इस्तेमाल कर सकते हैं, जिससे कपड़े लंबे समय तक सफेद बने रहते हैं.
इसके अलावा ऑक्सीजन बेस्ड ब्लीच भी सफेद कपड़ों के दाग और पीलापन दूर करने में मददगार होता है. हालांकि इसका उपयोग सावधानी से करना चाहिए, क्योंकि ज्यादा इस्तेमाल से कपड़ों के रेशे कमजोर हो सकते हैं. हमेशा पैकेट पर दिए गए निर्देशों के अनुसार ही इसका घोल तैयार करें और कपड़ों को लंबे समय तक इसमें भिगोकर न रखें.
घरेलू उपायों में बेकिंग सोडा काफी प्रभावी
घरेलू उपायों में बेकिंग सोडा भी काफी प्रभावी माना जाता है. आप इसे सीधे वॉशिंग मशीन में डाल सकते हैं या फिर पानी में घोलकर कपड़ों को कुछ समय के लिए भिगो सकते हैं. इससे कपड़ों की सफेदी बरकरार रहती है और बदबू भी दूर होती है.
सफेद सिरका भी एक प्राकृतिक क्लीनिंग एजेंट है, जो कपड़ों की चमक बढ़ाने और बदबू हटाने में मदद करता है. इसे गुनगुने पानी में मिलाकर कपड़े भिगो सकते हैं या धुलाई के दौरान डिटर्जेंट के साथ उपयोग कर सकते हैं.
साथ ही, सफेद कपड़ों को धोते समय लिक्विड डिटर्जेंट का इस्तेमाल करना बेहतर होता है और गुनगुना पानी गंदगी को बेहतर तरीके से हटाता है. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि कपड़ों पर दिए गए देखभाल संबंधी निर्देशों का पालन जरूर करें. इन आसान तरीकों से आप अपने सफेद कपड़ों को लंबे समय तक चमकदार और नया बनाए रख सकते हैं.


