म्यूजिक सुनना है सेहत के लिए रामबाण, रोजाना सुनें तो इन परेशानियों से मिलेगा छुटकारा
क्या आपने कभी गाना सुनकर स्ट्रेस गायब होते महसूस किया है? कई रिसर्च अब साबित कर चुकी हैं कि रोजाना म्यूजिक सुनने से नींद गहरी होती है, फोकस बढ़ता है, दिल स्वस्थ रहता है और मूड एकदम फ्रेश हो जाता है. संगीत सच में मन और शरीर दोनों को तरोताजा कर देता है.

आजकल लोगों की जिंदगी में स्ट्रेस बहुत ज्यादा हो गया है. प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ की परेशानियां लोगों के लिए मुसीबत बन रही हैं. अक्सर लोग स्ट्रेस से निपटने के तरीके ढूंढते हैं. कई लोग इसके लिए चाय का सहारा लेते हैं, तो कुछ लोग सिगरेट या शराब पीते हैं. अगर आपसे कहा जाए स्ट्रेस भगाने का एक ऐसा भी तरीका है, जिसमें आपका एक रुपया भी खर्च नहीं होगा, तो शायद आप यकीन नहीं करेंगे.
हालांकि यह बात सच है कि आप म्यूजिक सुनकर फ्री में तनाव से राहत पा सकते हैं. रोज संगीत सुनने की आदत न सिर्फ मूड को बेहतर बनाती है, बल्कि शरीर और दिमाग दोनों पर सकारात्मक असर डालती है. रोज म्यूजिक सुनने से आपको कई गजब के फायदे मिल सकते हैं.
स्ट्रेस और एंजायटी में मिलती है राहत
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार म्यूजिक सुनने से स्ट्रेस और एंजायटी कम हो जाती है. जब आप अपना पसंदीदा संगीत सुनते हैं, तो दिमाग में फील-गुड हार्मोन रिलीज होते हैं, जिससे तनाव कम होता है. संगीत सुनने से शरीर में कोर्टिसोल हार्मोन का स्तर घट सकता है, जिससे मन शांत और रिलैक्स महसूस करता है.
बेहतर नींद के लिए कारगर
अगर आपको रात में नींद आने में दिक्कत होती है, तो सोने से पहले हल्का और धीमा संगीत सुनना फायदेमंद हो सकता है. यह दिमाग को शांत करता है और शरीर को रिलैक्स करके बेहतर नींद लाने में मदद करता है. रोज म्यूजिक सुनने से आपकी नींद में काफी सुधार हो सकता है.
फोकस और एकाग्रता बढ़ाता है म्यूजिक
आपको जानकर हैरानी होगी कि म्यूजिक आपके फोकस और एकाग्रता में बढ़ोतरी कर सकता है. पढ़ाई या काम के दौरान हल्का इंस्ट्रुमेंटल म्यूजिक सुनने से ध्यान भटकता नहीं और काम पर फोकस बढ़ता है. यही कारण है कि कई लोग काम करते समय बैकग्राउंड म्यूजिक सुनना पसंद करते हैं.
मूड बूस्टर का काम करता है?
आप अपने मूड को बेहतर बनाना चाहते हैं, तो फेवरिट म्यूजिक सुनना शुरू कर दें. जब आप उदास या थके हुए होते हैं, तो आपका पसंदीदा गाना तुरंत आपका मूड बदल सकता है. संगीत भावनाओं को व्यक्त करने और सकारात्मक सोच विकसित करने में मदद करता है. इससे आपके दिमाग में नेगेटिव विचार नहीं आते हैं.
दिल की सेहत के लिए फायदेमंद
म्यूजिक सुनने से दिल की सेहत पर पॉजिटिव असर पड़ता है. कुछ रिसर्च के अनुसार धीमा और सुकून देने वाला संगीत ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने और हार्ट रेट को स्थिर रखने में मदद कर सकता है. इससे दिल पर पड़ने वाला दबाव कम होता है और ओवर ऑल हार्ट हेल्थ बेहतर होती है. कई अन्य बीमारियों में भी म्यूजिक थेरेपी को फायदेमंद माना गया है.
हेल्थ एक्सपर्ट्स भी मानते हैं रोजाना कुछ देर म्यूजिक सुनना एक सरल लेकिन बेहद असरदार आदत है. यह न सिर्फ मानसिक सुकून देता है, बल्कि शारीरिक स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाने में मदद करता है. इसलिए अपने रूटीन में म्यूजिक को जरूर शामिल करें.


