मेरी बीवी अपने एक्स बॉयफ्रेंड से अब भी प्यार करती है पति का दर्दभरा पोस्ट वायरल! लोगों से मांगी सलाह

एक परेशान पति ने सोशल मीडिया पर अपनी पत्नी को लेकर एक बहुत बड़ा खुलासा किया है. उस व्यक्ति ने बताया कि उनकी पत्नी अभी भी अपने एक्स बॉयफ्रेंड से प्यार करती है, ऐसे में उन्हें क्या करना चाहिए.

calender

नई दिल्ली: एक 33 साल के भारतीय व्यक्ति ने अपनी शादीशुदा जिंदगी की एक दर्दभरी सच्चाई रेडिट पर शेयर की है. उन्होंने बताया कि लव मैरिज के पांच साल बाद भी उनकी पत्नी भावनात्मक रूप से अपने पुराने प्रेमी से जुड़ी हुई है. यह पोस्ट 'इनसाइड इंडियन मैरिज' सबरेडिट पर डाली गई, जहां उन्होंने अपनी परेशानी बताई और लोगों से सलाह मांगी. 

शादी की शुरुआत 

यह जोड़ा शादी से पहले सिर्फ छह महीने तक एक-दूसरे को डेट किया था. पति को पत्नी के पिछले रिश्ते के बारे में पता था. उन्हें लगा कि वह रिश्ता कुछ मजबूरियों की वजह से खत्म हो गया और पत्नी ने पूर्व प्रेमी से सारे संपर्क तोड़ दिए थे. पति के लिए यह शादी सपनों के सच होने जैसी थी.

उन्होंने लिखा कि सालों तक खुद को साधारण समझने के बाद पहली बार उन्हें लगा कि वे किसी के लिए खास हैं. पत्नी ने उन्हें हमेशा प्यार, सम्मान और महत्व दिया. वैवाहिक जीवन के छोटे-मोटे झगड़ों के बावजूद सब कुछ ठीक चल रहा था.

अचानक आया रिश्ते में बदलाव 

सब कुछ तब बदल गया जब पत्नी की अनजाने में पूर्व प्रेमी से मुलाकात हो गई. उसके बाद उसका व्यवहार पूरी तरह बदल गया. वह उदास और दूर-दूर रहने लगी. काफी पूछने पर आखिरकार पत्नी ने सच कबूल कर लिया. उसने कहा कि वह पूर्व प्रेमी को कभी पूरी तरह भूला नहीं पाई. अक्सर सोचती रहती है कि अगर वह रिश्ता चलता तो क्या होता. 

पति के मुताबिक, पत्नी ने माना कि वह उनसे इसलिए जुड़ी क्योंकि वे पूर्व प्रेमी जैसे हैं. उसने यह भी कहा कि पुराना रिश्ता एक अधूरी प्रेम कहानी था और वह उसे बहुत मिस करती है. बाद में पति को पता चला कि पत्नी ने सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो सेव कर रखे हैं, जिनमें ब्रेकअप का दर्द, पछतावा और अगले जन्म में मिलने की बातें हैं. इस खुलासे ने पति को तोड़कर रख दिया. उन्हें अपनी शादी की सच्चाई पर शक होने लगा. 

पति की दुविधा और भावनाएं

पति ने लिखा कि यह सच जानकर उनकी दुनिया उजड़ गई. पत्नी से दूर रहते हुए उन्हें गुस्सा आता है, लेकिन उसके साथ रहते हुए वे फिर वही प्यार महसूस करते हैं. वे कहते हैं कि दर्द के बावजूद वे अलग होना नहीं चाहते. 

रेडिट यूजर्स की सलाह

पोस्ट पर आए कमेंट्स में ज्यादातर लोगों ने पति के लिए सहानुभूति जताई. कई ने सलाह दी कि अगर पत्नी अभी भी पुराने प्यार में है तो शादी खत्म कर देनी चाहिए. एक यूजर ने कहा, "वह आपको पूर्व प्रेमी की जगह भरने के लिए चुना, यह बहुत दुखद है. आप असली प्यार के हकदार हैं."

कुछ ने बच्चे प्लान करने से मना किया और तलाक की सलाह दी. एक ने कहा, "आप अभी जवान हैं, आगे बढ़ो. आपको कोई ऐसा साथी मिलेगा जो आपको आपके असली रूप में प्यार करे." हालांकि, कुछ लोगों ने उम्मीद जगाई. एक ने सुझाव दिया कि दोनों मिलकर खुलकर बात करें और कपल थेरेपी लें.  First Updated : Wednesday, 07 January 2026