झुर्रियां और डलनेस से परेशान? घर पर बनाएं ये 5 नेचुरल फेस सीरम, मिलेगी हेल्दी और ग्लोइंग स्किन
धूल, तनाव और अनहेल्दी लाइफस्टाइल से त्वचा की चमक कम होने लगती है. ऐसे में केमिकल वाले महंगे प्रोडक्ट्स की बजाय शहद, एलोवेरा, हल्दी और नारियल तेल से बने घरेलू फेस सीरम त्वचा को नेचुरल ग्लो देने में मदद कर सकते हैं.

आज की तेज रफ्तार जिंदगी में स्किन की सही देखभाल करना लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है. दिनभर की भागदौड़, धूल-मिट्टी, तेज धूप, तनाव और कम नींद का असर सबसे पहले चेहरे पर दिखाई देता है. धीरे-धीरे त्वचा की चमक कम होने लगती है और चेहरा थका हुआ व बेजान दिखने लगता है. कई लोगों को समय से पहले झुर्रियां, पिगमेंटेशन और डलनेस जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है.
इन परेशानियों से बचने के लिए लोग बाजार में मिलने वाले महंगे सीरम और ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं. हालांकि इनमें मौजूद केमिकल हर किसी की त्वचा को सूट नहीं करते. कई बार इनसे एलर्जी या जलन जैसी दिक्कतें भी हो सकती हैं. ऐसे में घरेलू चीजों से बने नेचुरल फेस सीरम एक अच्छा विकल्प साबित हो सकते हैं. ये न केवल आसान होते हैं बल्कि त्वचा को प्राकृतिक तरीके से पोषण भी देते हैं. आइए जानते हैं ऐसे 5 होममेड फेस सीरम के बारे में, जो त्वचा को हेल्दी और चमकदार बनाने में मदद कर सकते हैं.
1. शहद और नींबू से बना ग्लोइंग सीरम
अगर आपकी त्वचा फीकी और बेजान लगने लगी है तो शहद और नींबू का मिश्रण फायदेमंद हो सकता है. शहद त्वचा को नमी देता है और उसे मुलायम बनाता है, जबकि नींबू में मौजूद गुण चेहरे की रंगत को बेहतर बनाने में मदद करते हैं.
कैसे तैयार करें: दो चम्मच शहद लें और उसमें एक चम्मच ताजा नींबू का रस मिलाकर अच्छी तरह मिक्स कर लें.
कैसे इस्तेमाल करें: इसे चेहरे पर पतली परत में लगाएं और करीब 20 मिनट तक रहने दें. इसके बाद गुनगुने पानी से चेहरा धो लें. नियमित इस्तेमाल से त्वचा में चमक आ सकती है.
2. हल्दी और नारियल तेल का पोषण देने वाला सीरम
अगर त्वचा रूखी और बेजान महसूस होती है तो हल्दी और नारियल तेल का मिश्रण उपयोगी हो सकता है. हल्दी में एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं, जबकि नारियल तेल त्वचा को गहराई से मॉइस्चराइज करता है.
कैसे तैयार करें: दो चम्मच नारियल तेल लें और उसमें दो चुटकी हल्दी पाउडर मिलाकर अच्छी तरह मिक्स कर लें.
कैसे इस्तेमाल करें: इस मिश्रण को चेहरे पर हल्के हाथों से लगाकर 20 से 25 मिनट तक रहने दें. बाद में पानी से धो लें. इससे त्वचा मुलायम और पोषित महसूस हो सकती है.
3. एलोवेरा बेस्ड डेली सीरम
अगर आप रोजाना लगाने के लिए हल्का और सुरक्षित सीरम ढूंढ रहे हैं तो एलोवेरा एक अच्छा विकल्प है. यह त्वचा को ठंडक देता है और उसे रिपेयर करने में भी मदद करता है.
कैसे तैयार करें: एक चम्मच एलोवेरा जेल में एक विटामिन ई कैप्सूल का तेल, एक चम्मच गुलाब जल और आधा चम्मच ग्लिसरीन मिलाएं. इस मिश्रण को एक साफ बोतल में स्टोर कर सकते हैं.
कैसे इस्तेमाल करें: रात को सोने से पहले चेहरे पर लगाएं और सुबह चेहरा धो लें. इससे त्वचा की ड्राइनेस और फाइन लाइंस में राहत मिल सकती है.
4. दालचीनी और शहद का एंटी-पिंपल सीरम
अगर चेहरे पर बार-बार मुंहासे निकलते हैं तो दालचीनी और शहद का मिश्रण मददगार हो सकता है. यह त्वचा को साफ रखने में सहायक माना जाता है.
कैसे तैयार करें: एक चम्मच शहद में एक छोटा चम्मच दालचीनी पाउडर मिलाएं.
कैसे इस्तेमाल करें: इस पेस्ट को चेहरे पर 15 से 20 मिनट तक लगाकर रखें और फिर पानी से धो लें. इससे त्वचा साफ और ताजा महसूस हो सकती है.
5. एलोवेरा और हल्दी का ऑयल कंट्रोल सीरम
जिन लोगों की त्वचा बहुत ज्यादा ऑयली होती है, उनके लिए एलोवेरा और हल्दी का मिश्रण उपयोगी हो सकता है.
कैसे तैयार करें: फ्रेश एलोवेरा जेल में एक चम्मच हल्दी मिलाकर अच्छी तरह मिक्स करें. इसे फ्रिज में भी रखा जा सकता है.
कैसे इस्तेमाल करें: रात में हल्के हाथों से चेहरे पर लगाएं और लगभग 15 मिनट बाद धो लें. इससे अतिरिक्त तेल को नियंत्रित करने और त्वचा की रंगत सुधारने में मदद मिल सकती है.


