धांधली, अफेयर और इस्तीफा... कैसे विवादों में घिरी मिस यूनिवर्स 2025 प्रतियोगिता
मिस यूनिवर्स 2025 प्रतियोगिता इन दिनों लगातार विवादों से घिरी हुई है. फिनाले में अब सिर्फ कुछ ही दिन बचे हैं, लेकिन उससे पहले ही शो को बड़ा झटका लगा है. जजों के पैनल से दो सदस्यों ने अचानक इस्तीफा दे दिया है, जिससे आयोजन मुश्किल में फंस गया है.

नई दिल्ली: मिस यूनिवर्स 2025 प्रतियोगिता इन दिनों लगातार विवादों से घिरी हुई है. फिनाले में अब सिर्फ कुछ ही दिन बचे हैं, लेकिन उससे पहले ही शो को बड़ा झटका लगा है. जजों के पैनल से दो सदस्यों ने अचानक इस्तीफा दे दिया है, जिससे आयोजन मुश्किल में फंस गया है.
सबसे पहले जज उमर हरफौच ने पद छोड़कर सभी को हैरान कर दिया था. उन्होंने प्रतियोगिता में धांधली होने के गंभीर आरोप लगाए थे. अब उमर के बाद एक और जज ने भी शो से दूरी बना ली है, जिससे प्रतियोगिता पर और सवाल खड़े हो गए हैं.
विवाद में मिस यूनिवर्स 2025 प्रतियोगिता
उमर के इस्तीफे के तुरंत बाद फ्रांस के प्रसिद्ध फुटबॉल खिलाड़ी क्लाउड मैकेल ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट करके बताया कि वह मिस यूनिवर्स 2025 फिनाले में हिस्सा नहीं ले पाएंगे. उन्होंने लिखा कि कुछ निजी कारणों की वजह से वह कार्यक्रम का हिस्सा नहीं बन सकेंगे. उन्होंने पोस्ट में यह भी कहा कि यह फैसला उनके लिए आसान नहीं था, क्योंकि वह मिस यूनिवर्स और इसके इंपावरमेंट व डाइवर्सिटी जैसे मूल्यों का सम्मान करते हैं. क्लाउड ने संगठन, प्रतिभागियों और टीम से माफी मांगते हुए आशा जताई कि भविष्य में बेहतर समय पर वह फिर इस मंच से जुड़ सकेंगे.
उमर हरफौच ने लगाए गंभीर आरोप
वहीं, उमर हरफौच ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया था कि जूरी पैनल के एक सदस्य का एक प्रतिभागी के साथ अफेयर चल रहा है और इसी वजह से टॉप 30 कंटेस्टेंट्स का चयन नियमों के खिलाफ किया गया. उन्होंने दावा किया कि कई चयन अनौपचारिक और पक्षपातपूर्ण तरीके से किए गए हैं. उनके आरोपों का प्रभाव इतना गहरा था कि मिस यूनिवर्स संगठन को आधिकारिक बयान जारी करना पड़ा. संगठन ने उमर के सभी दावों को झूठा बताते हुए उन्हें हमेशा के लिए मिस यूनिवर्स से प्रतिबंधित कर दिया.
मनिका विश्वकर्मा कर रही देश का प्रतिनिधित्व
आपको बता दें कि मिस यूनिवर्स 2025 प्रतियोगिता में इस बार मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 मनिका विश्वकर्मा देश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं. मनिका अपनी शानदार वॉक, आत्मविश्वास और खूबसूरत लुक्स की वजह से लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं. सोशल मीडिया पर लोग उनकी तस्वीरों और वीडियो को खूब पसंद कर रहे हैं.
भारत के लोगों को यह उम्मीद है कि मनिका इस बार मिस यूनिवर्स का ताज देश के नाम करेंगी. हालांकि, विवादों ने प्रतियोगिता का माहौल तनावपूर्ण बना दिया है, लेकिन दुनिया भर में लाखों लोग अभी भी फिनाले का इंतजार कर रहे हैं. देखना यह है कि इन उथल-पुथल के बीच मिस यूनिवर्स 2025 का आयोजन कैसे आगे बढ़ता है और क्या मनिका अपनी मेहनत और प्रतिभा से भारत को गौरवान्वित कर पाती हैं.


