8 मार्च को क्यों मनाया जाता है महिला दिवस? जानिए इसका इतिहास, उद्देश्य और 2026 की खास थीम
हर साल 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है. यह दिन महिलाओं के अधिकार, समानता और उनके योगदान को सम्मान देने के लिए समर्पित है. 2026 की थीम “Give to Gain” है, जो महिलाओं के समर्थन और सशक्तिकरण का संदेश देती है.

हर साल 8 मार्च का दिन दुनिया भर में महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को समर्पित होता है. इस दिन अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाकर समाज में महिलाओं के योगदान, उनके संघर्ष और उनकी उपलब्धियों को याद किया जाता है. यह सिर्फ एक उत्सव नहीं है, बल्कि महिलाओं के अधिकार, समान अवसर और सम्मान के लिए जागरूकता फैलाने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी है. आज के समय में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं, इसलिए यह दिन उनके आत्मविश्वास और सशक्तिकरण को और मजबूत करने का संदेश देता है.
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का महत्व
महिला दिवस का उद्देश्य महिलाओं को समाज में समान अधिकार दिलाने और उनके प्रति सम्मान बढ़ाने से जुड़ा है. लंबे समय तक महिलाओं को कई अधिकारों से वंचित रखा गया था. उन्हें शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक भागीदारी जैसे क्षेत्रों में समान अवसर नहीं मिलते थे. ऐसे में महिलाओं ने अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाई और धीरे-धीरे यह आंदोलन मजबूत होता गया. इसी संघर्ष और बदलाव की भावना को याद रखने के लिए हर साल 8 मार्च को महिला दिवस मनाया जाता है. यह दिन समाज को यह याद दिलाता है कि महिलाओं के बिना किसी भी देश की प्रगति अधूरी है.
महिला दिवस की शुरुआत कैसे हुई
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुरुआत 20वीं सदी की शुरुआत में हुई श्रमिक आंदोलनों से जुड़ी मानी जाती है. उस समय यूरोप और उत्तरी अमेरिका में काम करने वाली महिलाएं समान वेतन, बेहतर काम की स्थिति और मतदान के अधिकार की मांग कर रही थीं. साल 1910 में जर्मन समाजसेवी और महिला अधिकारों की समर्थक क्लारा जेटकिन ने एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में महिला दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा था.
उनका मानना था कि एक खास दिन तय करके महिलाओं के अधिकारों के लिए आवाज को और मजबूत किया जा सकता है. इसके कुछ साल बाद 1917 में रूस में महिलाओं ने रोटी, कपड़ा और शांति की मांग को लेकर हड़ताल की थी. इस आंदोलन के बाद 8 मार्च को महिला दिवस के रूप में पहचान मिलने लगी. बाद में वर्ष 1975 में संयुक्त राष्ट्र ने भी इस दिन को आधिकारिक रूप से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की.
महिला दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य
महिला दिवस का मकसद केवल कार्यक्रम और समारोह आयोजित करना नहीं है. इसका मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं के अधिकारों और समानता के बारे में जागरूकता बढ़ाना है. यह दिन महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में जानकारी देने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का काम करता है. साथ ही यह समाज को यह संदेश भी देता है कि महिलाओं के साथ होने वाले भेदभाव को खत्म करना जरूरी है.
महिला दिवस के जरिए शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और नेतृत्व जैसे क्षेत्रों में महिलाओं को बराबरी के अवसर देने की बात भी कही जाती है. इसके अलावा यह दिन महिलाओं की उपलब्धियों को पहचान देने और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने का भी अवसर होता है.
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 की थीम
हर साल महिला दिवस को एक विशेष थीम के साथ मनाया जाता है, ताकि समाज में एक खास संदेश दिया जा सके. वर्ष 2026 के लिए महिला दिवस की थीम “दान से लाभ” (Give to Gain) रखी गई है. इस थीम का अर्थ है कि जब हम दूसरों की मदद करते हैं या समाज के लिए कुछ सकारात्मक करते हैं, तो उसका अच्छा प्रभाव हमारे जीवन पर भी पड़ता है. इसका उद्देश्य लोगों को महिलाओं के समर्थन, उनकी शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए आगे आने के लिए प्रेरित करना है.


