क्या आप जानते हैं महिलाएं श्मशान क्यों नहीं जातीं? गरुड़ पुराण में है इन सवालों के सही जवाब

हिंदू धर्म में श्मशान घाट से महिलाओं को दूर रखा जाता है. सदियों से चली आ रही इस परंपरा के पीछे की वजह बहुत कम लोग ही जानते हैं. आइए जानते हैं गरुड़ पुराण में इसके पीछे की वजह क्या बताई गई है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: हिंदू धर्म में श्मशान घाट से महिलाओं को दूर रखने की परंपरा सदियों से चली आ रही है. अक्सर लोग इसे पुरानी रीति-रिवाज मानकर टाल देते हैं, लेकिन गरुड़ पुराण में इसके पीछे गहरे आध्यात्मिक, मानसिक और सुरक्षात्मक कारण बताए गए हैं. आइए जानते हैं गरुड़ पुराण के मुताबिक महिलाओं को श्मशान घाट से क्यों दूर रखा जाता है.

गरुड़ पुराण क्या कहता है?

गरुड़ पुराण के अनुसार महिलाओं का हृदय पुरुषों की तुलना में अधिक कोमल और भावुक होता है. श्मशान में जलते हुए शव, विलाप और भयावह माहौल उन्हें गहरे मानसिक सदमे में डाल सकता है. इसलिए उन्हें इस दृश्य से दूर रखा जाता है ताकि उनका मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित न हो.

मृत आत्मा की शांति 

गरुड़ पुराण में कहा गया है कि अंतिम संस्कार के समय ज्यादा रोना-धोना मृत आत्मा को परलोक की यात्रा में बाधा पहुंचाता है. आत्मा का सांसारिक मोह नहीं छूट पाता. चूंकि महिलाएं भावनाओं को आसानी से नहीं रोक पाती, इसलिए उन्हें श्मशान जाने से बचाया जाता है ताकि मृत आत्मा को शांति मिल सके.

नकारात्मक ऊर्जा से सुरक्षा

श्मशान घाट को नकारात्मक ऊर्जा और भटकती हुई आत्माओं का स्थान माना जाता है. गरुड़ पुराण के अनुसार महिलाओं की ऊर्जा प्रणाली पुरुषों की अपेक्षा अधिक संवेदनशील और ग्रहणशील होती है. ऐसे में श्मशान जाने से नकारात्मक शक्तियां उनके मन और शरीर पर बुरा प्रभाव डाल सकती हैं. यही कारण है कि उन्हें इस जगह से दूर रखा जाता है.

मुंडन संस्कार की परंपरा

श्मशान से लौटने के बाद पुरुषों के लिए मुंडन (सर मुंडाना) अनिवार्य होता है, जो शुद्धिकरण का हिस्सा है. हिंदू संस्कृति में महिलाओं के बाल कटवाना अमंगल माना जाता है. इसलिए इस परंपरा को आसानी से निभाने के लिए भी महिलाओं को श्मशान नहीं भेजा जाता. 

विशेष स्थिति में अपवाद

गरुड़ पुराण स्वयं कहता है कि अगर परिवार में कोई पुरुष सदस्य न हो, तो पत्नी, बेटी या बहन अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी ले सकती हैं. यानी यह नियम कठोर नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा और भावनात्मक संतुलन के लिए है.

यानी कि गरुड़ पुराण की ये मान्यताएं महिलाओं की सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और मृत आत्मा की शांति को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं. आज के समय में भी ये परंपराएं हमें भावनात्मक संतुलन और आध्यात्मिक समझ सिखाती हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो