नई दिल्ली: नया साल 2026 दस्तक देने वाला है और इसके साथ ही लोगों के मन में नई शुरुआत, खुशियों और बेहतर भविष्य की उम्मीदें जागने लगती हैं. हिंदू धर्म और परंपराओं में साल के पहले दिन को बेहद महत्वपूर्ण माना गया है. मान्यता है कि वर्ष की शुरुआत जिस भाव, कर्म और सोच के साथ होती है, उसका प्रभाव पूरे साल व्यक्ति के जीवन, स्वास्थ्य और आर्थिक स्थिति पर पड़ता है.
इसी कारण नए साल के पहले दिन लोग पूजा-पाठ, दान-पुण्य, हवन और सकारात्मक विचारों के साथ दिन की शुरुआत करते हैं. ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, 1 जनवरी को की गई कुछ छोटी-सी गलतियां भी पूरे साल आर्थिक तंगी, मानसिक अशांति और नकारात्मकता का कारण बन सकती हैं. ऐसे में नए साल के पहले दिन कुछ खास बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी माना गया है.
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, 1 जनवरी को किसी भी तरह का पैसों का लेन-देन करना शुभ नहीं माना जाता. इस दिन न तो किसी से उधार लेना चाहिए और न ही किसी को पैसा देना चाहिए, चाहे जरूरत कितनी ही छोटी क्यों न हो. मान्यता है कि साल के पहले दिन किया गया लेन-देन पूरे वर्ष आर्थिक परेशानियों और धन की कमी का संकेत बन सकता है.
हिंदू मान्यताओं में कहा गया है कि जहां शांति और सौहार्द होता है, वहीं मां लक्ष्मी का वास होता है. नए साल के पहले दिन झगड़ा करना, क्रोध करना या कठोर शब्दों का प्रयोग करना अशुभ माना जाता है. ऐसा करने से पूरे साल तनाव और परेशानियां बनी रह सकती हैं. इसलिए इस दिन संयम, प्रेम और सकारात्मक व्यवहार अपनाने की सलाह दी जाती है.
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, नए साल के पहले दिन फटे-पुराने, अत्यधिक घिसे हुए, काले रंग के या किसी से उधार लिए गए कपड़े नहीं पहनने चाहिए. ऐसा माना जाता है कि ऐसे वस्त्र पहनने से मां लक्ष्मी अप्रसन्न होती हैं और इससे धन संबंधी समस्याएं पूरे साल बनी रह सकती हैं.
मान्यता है कि घर में विशेष रूप से उत्तर-पूर्व दिशा में अंधेरा रहने से नकारात्मक ऊर्जा और दरिद्रता का वास होता है. नए साल के पहले दिन मुख्य द्वार और पूजा स्थल के पास दीपक जलाना शुभ माना जाता है. इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और सुख-समृद्धि का आगमन होता है.
Disclaimer: ये धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है, JBT इसकी पुष्टि नहीं करता.
First Updated : Thursday, 01 January 2026