टीम इंडिया को करारा झटका, पहली गेंद पर छक्का मारने वाला खिलाड़ी अस्पताल में भर्ती!
भारतीय टीम के युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा मंगलवार देर रात पेट में संक्रमण की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती हो गए.

भारतीय टीम के युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को मंगलवार देर रात पेट में संक्रमण की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. इससे पहले ही दिन में टीम के सहायक कोच रयान टेन डोएस्केट ने संकेत दिए थे कि अभिषेक की तबीयत ठीक नहीं है. उन्होंने बताया था कि बाएं हाथ के इस बल्लेबाज को पेट से जुड़ी परेशानी है, जिस कारण वह नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ मुकाबले से पहले आयोजित अभ्यास सत्र में हिस्सा नहीं ले सके.
रयान टेन डोएस्केट ने क्या कहा?
मैच पूर्व प्रेस वार्ता में रयान टेन डोएस्केट ने अभिषेक के स्वास्थ्य को लेकर उम्मीद जताई. उन्होंने कहा कि अभिषेक की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और टीम को भरोसा है कि वह अगले दो दिनों में होने वाले मैच के लिए फिट हो सकते हैं. हालांकि, टीम प्रबंधन किसी भी तरह का जल्दबाजी भरा फैसला लेने के मूड में नहीं है.
गौर करने वाली बात यह है कि टी20 विश्व कप में अमेरिका के खिलाफ भारत के पहले मैच के दौरान भी अभिषेक पूरी तरह स्वस्थ नहीं थे. इसके बावजूद उन्होंने मुंबई में खेले गए उस मुकाबले में हिस्सा लिया. पहली पारी में वह बिना खाता खोले आउट हो गए थे और दूसरी पारी में मैदान पर नजर नहीं आए. पहले और दूसरे मैच के बीच पांच दिन का अंतर होने के कारण उम्मीद की जा रही थी कि वह पूरी तरह ठीक हो जाएंगे, लेकिन उनकी सेहत में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका.
एक रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में अभिषेक की तबीयत और बिगड़ गई, जिससे टीम प्रबंधन की चिंता बढ़ गई. खास तौर पर मुख्य कोच उस समय ज्यादा चिंतित दिखे जब टीम के आवास पर आयोजित एक विशेष रात्रिभोज के दौरान अभिषेक की हालत ठीक नहीं लगी.
अभिषेक की गैरमौजूदगी में कौन खेलेगा?
अभिषेक की गैरमौजूदगी में ईशान किशन और संजू सैमसन ने नेट्स में सबसे पहले अभ्यास किया. माना जा रहा है कि नामीबिया के खिलाफ मैच में इन्हीं दोनों में से कोई एक पारी की शुरुआत कर सकता है. भले ही अभिषेक समय पर फिट हो जाएं, लेकिन 15 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले को देखते हुए टीम प्रबंधन उन्हें खिलाने का जोखिम नहीं लेना चाहेगा.
नेट अभ्यास के दौरान ईशान किशन और संजू सैमसन दोनों को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा. हार्दिक पांड्या ने किशन के खिलाफ धारदार गेंदबाजी की, जबकि अर्शदीप सिंह ने सैमसन को खासा परेशान किया. सैमसन के खेल में आत्मविश्वास की कमी भी साफ दिखाई दी और बाद में उन्हें बाएं हाथ का इलाज कराते हुए देखा गया.
इस बीच, जसप्रीत बुमराह और वॉशिंगटन सुंदर ने 10 फरवरी को टीम के साथ अभ्यास में भाग लिया. हालांकि बुमराह ने पूरी रफ्तार से गेंदबाजी नहीं की. वहीं, सुंदर भी अभी मैच के लिए पूरी तरह फिट नहीं लग रहे हैं. टीम का अगला अभ्यास सत्र आज रात होगा. साथ ही मैच से पहले होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर स्थिति स्पष्ट की जा सकती है.


