'वे मुझसे जलते हैं, उन्हें मेरा खेलना पसंद नहीं' SRH के खिलाफ हार के बाद भड़के अजिंक्य रहाणे; किसे सुनाई खरी-खोटी?

आईपीएल 2026 रोमांच के बीच KKR के कप्तान अजिंक्या रहाणे ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 65 रनों की करारी हार के बाद अपनी स्ट्राइक रेट को लेकर हो रही आलोचना पर तीखा पलटवार किया है.

Sonee Srivastav

KKR vs SRH: कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के कप्तान अजिंक्या रहाणे ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ 65 रनों की करारी हार के बाद अपनी स्ट्राइक रेट को लेकर हो रही आलोचना पर तीखा पलटवार किया है. ईडन गार्डन्स में 227 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए रहाणे सिर्फ 10 गेंदों पर 8 रन बना सके, जिसके बाद उनकी बल्लेबाजी पर सवाल उठने लगे.

आलोचकों पर लगाया एजेंडा चलाने का आरोप

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में रहाणे ने कहा, “जो लोग मेरे बारे में बातें कर रहे हैं, शायद वे मैच नहीं देख रहे या फिर उनके मन में मेरे खिलाफ कोई खास एजेंडा है. उन्हें मेरा खेलना पसंद नहीं है. उन्हें मुझे खेलते हुए देखना पसंद नहीं है.” 

रहाणे ने दावा किया कि आईपीएल 2023 से अब तक उनका स्ट्राइक रेट सबसे अच्छा रहा है. उन्होंने कहा कि पावरप्ले में कम से कम 300 गेंद खेलने वाले बल्लेबाजों में उनका स्ट्राइक रेट चौथा सर्वश्रेष्ठ है. इस दौरान उन्होंने 31 पारियों में 329 गेंदों पर 552 रन बनाए हैं, जिसमें स्ट्राइक रेट 167.78 और औसत 69 रहा है.

'वे मुझसे जलते हैं': रहाणे 

रहाणे ने आगे कहा, “मुझे जितनी सफलता मिली है, मुझे लगता है कि वे मुझसे जलते हैं. मुझे ज्यादा चिंता नहीं है.” उन्होंने स्वीकार किया कि एसआरएच के खिलाफ मैच में उनका इरादा शुरुआत से आक्रामक खेलने का था, लेकिन रन चेज में उन्हें लय नहीं मिल पाई. रहाणे ने कहा कि यह सिर्फ एक खराब पारी थी और कभी-कभी बल्लेबाज को सही प्रवाह नहीं मिल पाता.

मुंबई के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन याद दिलाया

रहाणे ने अपने बचाव में मुंबई इंडियंस के खिलाफ सीजन के पहले मैच में लगाए गए शानदार अर्धशतक का जिक्र भी किया. उन्होंने कहा कि लोग उनकी सफलता से हैरान हैं और इसलिए उनके बारे में बात कर रहे हैं. रहाणे ने कहा, “उन्हें उम्मीद नहीं थी कि अजिंक्या रहाणे इतना अच्छा प्रदर्शन करेंगे. इसलिए मुझे खुशी है कि लोग मेरे बारे में बात कर रहे हैं, चाहे सकारात्मक हो या नकारात्मक,” 

हालांकि, आंकड़े बताते हैं कि पावरप्ले में स्पिनरों के खिलाफ रहाणे का स्ट्राइक रेट 131.11 तक गिर जाता है, जबकि मध्य ओवरों (7 से 15) में यह और कम होकर 114.02 रह जाता है. फिर भी रहाणे ने साफ कहा कि वे आलोचनाओं से ज्यादा प्रभावित नहीं होते और अपना खेल जारी रखेंगे. 

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो