नई दिल्ली: भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर को अब बीसीसीआई ने उनकी सफलताओं के लिए इनाम देने का मन बना लिया है। दरअसल वे बीसीसीआई सीनियर पुरुष चयन समिति के चेयरमैन बने थे। जिसके बाद से ही मानों टीम इंडिया का भाग्य ही बदल गया।
भारतीय पुरुष टीम ने इसके बाद 3 आईसीसी ट्रॉफी जीती और वर्ल्ड क्रिकेट में अपना दबदबा स्थापित किया। इसी कड़ी में शायद बीसीसीआई अजीत अगरकर को इनाम देने का मन बना चुकी है। दरअसल BCCI अब अगरकर के कार्यकाल को बढ़ाने का मन रही है। जिसको लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बीसीसीआई के करीबी सूत्रों ने बताया है कि जल्द ही बोर्ड चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर के कार्यकाल को बढ़ा सकती है। सूत्र ने बताया कि अगरकर के कार्यकाल में टीम में बदलाव का दौर काफी सहज रहा और टीम ने निडर होकर बड़े फैसले लिए। यही कारण है कि बोर्ड को लगा कि उन्हें अपना काम जारी रखना चाहिए। अगरकर का कॉन्ट्रेक्ट (जो जून 2026 में समाप्त हो रहा है) उसे रिन्यू किया जाएगा।
आपको बताते चलें कि जुलाई 2023 में जब अजीत अगरकर ने मुख्य चयनकर्ता के पद भार संभाला था, तब से ही टीम इंडिया ने अपने गेम को अलग श्रेणी में प्रस्तुत किया है। साथ ही कई बड़े आईसीसी टूर्नामेंट में खिताब भी जीता है। उनके कार्यकाल के दौरान भारत की टीम 2023 के ODI वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंची, लेकिन पराजित हुई।
हालांकि, एशिया कप 2023 का खिताब टीम ने जीता था। इसके अलावा टीम इंडिया ने 2024 के टी20 में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए लगातार 10 मुकाबलों में जीत हासिल करके साउथ अफ्रीका को फाइनल में हराकर खिताब अपने नाम किया। फिर भारत ने 2025 में टी20 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।
इसके बाद 2026 में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप भी जीता, जो भारत में ही आयोजित हुआ था। कुल मिलाकर अजीत अगरकर के कार्यकाल के दौरान ही भारत ने खेले 5 बड़े टूर्नामेंट में से 4 में ट्रॉफी जीती और एक में फाइनल तक का सफर तय किया। ऐसे में अगरकर के कार्यकाल को भारतीय क्रिकेट टीम का स्वर्णिम दौर भी कहा जा सकता है। शायद यही कारण है बीसीसीआई उनके कॉन्ट्रेक्ट की अवधि को बढ़ाने का विचार कर रही है। First Updated : Sunday, 19 April 2026