IPL 2026: डगआउट में फोन यूज करना RR मैनेजर रोमी भिंडर को पड़ा भारी, BCCI ने ठोका 1 लाख का जुर्माना
BCCI ने अपनी नियमों पर सख्ती दिखाते हुए RR के टीम मैनेजर रोमी भिंडर पर 1 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है. भिंडर की गलती यह थी कि वे डगआउट में फोन यूज कर रहे थे, जो की सख्त मना है.

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में एक अनुशासनात्मक मामला सामने आया है. राजस्थान रॉयल्स (RR) के टीम मैनेजर रोमी भिंडर पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सख्त कार्रवाई की है. उन्हें डगआउट में मोबाइल फोन इस्तेमाल करने के आरोप में 1 लाख रुपए का जुर्माना लगा दिया है.
दरअसल यह घटना गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेले गए मैच के दौरान हुई. टीवी कैमरों में रोमी भिंडर को डगआउट में फोन यूज करते देखा गया.
IPL के नियमों के मुताबिक, प्लेयर्स एंड मैच ऑफिशियल्स एरिया (PMOA) में मोबाइल फोन ले जाना और इस्तेमाल करना पूरी तरह प्रतिबंधित है. यह नियम मैच में किसी भी तरह की गड़बड़ी या भ्रष्टाचार को रोकने के लिए बनाया गया है.
BCCI की कार्रवाई
BCCI की एंटी करप्शन यूनिट (ACU) ने इस मामले में रोमी भिंडर से स्पष्टीकरण मांगा. भिंडर ने अपना पक्ष रखा, लेकिन बोर्ड उनके जवाब से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हुआ. BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने भी मामले की पुष्टि की. आखिरकार अनुशासन समिति ने भिंडर पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया और भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की सख्त चेतावनी दी.
रोमी भिंडर की सफाई
रोमी भिंडर ने सफाई देते हुए बताया कि हाल ही में उन्हें फेफड़ों की गंभीर समस्या (collapsed lung) हुई थी. डॉक्टरों ने उन्हें ज्यादा घूमने-फिरने से बचने की सलाह दी थी. ड्रेसिंग रूम तक बार-बार जाना उनके लिए मुश्किल था, इसलिए उन्होंने पास में बैठकर फोन का इस्तेमाल किया.
उन्होंने यह भी कहा कि फोन का उपयोग किसी निजी या गलत काम के लिए नहीं, बल्कि टीम मैनेजमेंट और BCCI के साथ जरूरी आधिकारिक कम्युनिकेशन के लिए था. IPL में कई महत्वपूर्ण बातें व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म पर होती हैं, इसलिए फोन पास रखना जरूरी था.
BCCI का साफ संदेश
BCCI ने दोहराया कि IPL जैसे बड़े टूर्नामेंट में नियमों का पालन बहुत जरूरी है. PMOA क्षेत्र में फोन का इस्तेमाल भ्रष्टाचार की आशंका को बढ़ा सकता है. बोर्ड ने साफ किया कि भले ही इरादा अच्छा हो, नियम तोड़ने पर कोई छूट नहीं मिलेगी. BCCI ने यह सख्त चेतावनी आईपीएल से जुड़े सभी लोगों को दी है. यह नियम सभी पर लागू होता है.


