'हमारे बच्चे क्या सीखेंगे?' IND-PAK बायकॉट विवाद पर पाक कप्तान सलमान आगा का भावुक बयान, क्रिकेट को लेकर जताई चिंता
पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने साफ कहा है कि टीम भारत-पाक मैच के राजनीतिक विवादों और बहिष्कार की चर्चाओं से पूरी तरह दूर रहेगी. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उनका पूरा फोकस बाकी ग्रुप मैच जीतने पर होगा.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर उठ रहे विवाद के बीच पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने अपनी टीम की स्थिति स्पष्ट कर दी है. उन्होंने शुक्रवार को कहा कि टीम बाहर की हर अफवाह और बहिष्कार की चर्चा से खुद को दूर रखेगी और सुपर-8 में जगह बनाने के लिए बाकी ग्रुप मैच जीतने पर पूरा ध्यान लगाएगी. पाकिस्तान ने 2009 के बाद कभी भी टी20 वर्ल्ड कप नहीं जीता है और इस बार भी टीम पर दबाव काफी है.
कप्तान ने बायकॉट विवाद को नजरअंदाज करने की बात कही और टीम को एकजुट रहने का संदेश दिया. उन्होंने यह भी कहा कि खेल में ऐसी चीजें नहीं होनी चाहिए, क्योंकि खिलाड़ी बच्चों के लिए रोल मॉडल होते हैं.
कप्तान सलमान का साफ संदेश
पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने बायकॉट विवाद पर कहा, 'इसे नजरअंदाज करके हम आगे बढ़ रहे हैं. हम एक टीम के तौर पर इन बातों पर चर्चा नहीं करते और न ही इस पर ध्यान देते हैं कि बाहर क्या चल रहा है. मेरा मानना है कि यही सबसे अच्छा तरीका है. हमें इन सब चीजों से बचना चाहिए और सिर्फ अपने खेल पर फोकस करना चाहिए.'
भारत की हैंडशेक न करने की नीति पर कप्तान की प्रतिक्रिय
पिछले साल सितंबर से भारतीय क्रिकेट टीमों ने पाकिस्तान के खिलाफ इंटरनेशनल मैचों में हाथ न मिलाने की नीति अपनाई है, जो पहलगाम हमले के पीड़ितों के समर्थन में लिया गया फैसला है. इस पर सलमान अली आगा ने कहा, 'हमें इससे कोई ठेस नहीं पहुंची है. लेकिन खेल के लिए यह अच्छा नहीं है. ऐसी चीजें नहीं होनी चाहिए. उन्होंने आगे कहा कि जब मैं बच्चा था, तब मैंने हमेशा देखा कि खिलाड़ी खेल को बेहतर बनाने के लिए जरूरी चीजें करते थे. हम किसी हद तक रोल मॉडल होते हैं. अगर हम ऐसा व्यवहार करेंगे, तो बच्चे भी वही सीखेंगे और आगे चलकर वही करेंगे. इसलिए मेरा मानना है कि ऐसी चीजें नहीं होनी चाहिए.
भारत से मैच नहीं खेलने पर क्या होगा?
भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का सीधा मतलब है कि पाकिस्तान को उस मुकाबले के 2 अंक नहीं मिलेंगे. ऐसे में सुपर-8 में पहुंचने के लिए पाकिस्तान को अपने बाकी तीनों ग्रुप मैच जीतने होंगे. भारत के अलावा पाकिस्तान के ग्रुप में नीदरलैंड्स, अमेरिका और नामीबिया की टीमें हैं. टीम को इन तीनों मैचों में जीत दर्ज करनी होगी, ताकि पॉइंट्स टेबल में मजबूत स्थिति बनाई जा सके.


