T20 WC 2026 Final: न्यूजीलैंड के खिलाफ टॉस हारकर भी खुश हुए कप्तान सूर्यकुमार यादव...लेकिन 2023 को याद कर हुए भावुक, देखें Video

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड आमने-सामने हैं. टॉस जीतकर कीवियों ने गेंदबाजी चुनी है. जबकि सूर्यकुमार की टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी कर बड़ा स्कोर बनाने के लिए तैयार है.

Utsav Singh
Edited By: Utsav Singh

टी20 वर्ल्ड कप 2026 : क्रिकेट के महाकुंभ का सबसे बड़ा दिन आ गया है. रविवार. 8 मार्च को अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम नीली जर्सी के प्रशंसकों से खचाखच भरा हुआ है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के इस ऐतिहासिक फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीता और पिच की स्थिति को भांपते हुए पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस हारने के बावजूद इसे एक सकारात्मक संकेत माना और पहले बल्लेबाजी करने की चुनौती को सहजता से स्वीकार किया है.

पहले बल्लेबाजी करने के फैसले से बहुत खुश

आपको बता दें कि मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता देते हुए कहा कि वे पिच की शुरुआती नमी का लाभ उठाना चाहते हैं और टीम इंडिया को एक ऐसे स्कोर तक सीमित रखना चाहते हैं जिसे आसानी से हासिल किया जा सके. दूसरी तरफ कप्तान सूर्यकुमार यादव काफी सहज और मुस्कुराते हुए नजर आए. उन्होंने कहा कि फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में स्कोरबोर्ड पर रन होना हमेशा मानसिक बढ़त देता है. टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी करने के फैसले से बहुत खुश है.

वह सब अब पुराना इतिहास बन चुका

फाइनल के भारी दबाव पर बात करते हुए सूर्या ने इशारों में इसी मैदान पर हुई 2023 की हार का भावुक जिक्र किया. उन्होंने दृढ़ता के साथ कहा कि वह सब अब पुराना इतिहास बन चुका है और उनकी टीम पूरी तरह से वर्तमान पर केंद्रित है. सूर्या के आत्मविश्वास से साफ है कि 19 नवंबर 2023 की कड़वी यादें अब खिलाड़ियों के प्रदर्शन में बाधा नहीं बनेंगी. टीम इंडिया इस नए वर्ल्ड कप को जीतने के लिए मानसिक रूप से पूरी तरह तैयार है.

न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन में बदलाव

कीवी टीम ने इस बड़े मैच के लिए अपनी रणनीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है. उन्होंने ऑफ स्पिनर माइकल मैककॉन्ची को बेंच पर बैठाकर तेज गेंदबाज जैकब डफी को अंतिम एकादश में जगह दी है. यह फैसला काफी चौंकाने वाला है क्योंकि भारतीय टीम में अभिषेक शर्मा और ईशान किशन जैसे बाएं हाथ के बल्लेबाज मौजूद हैं. सैंटनर ने ऑफ स्पिनर के बिना ही मैदान पर उतरने का निर्णय लिया है. वे टीम इंडिया को एक सीमित स्कोर पर रोकने की कोशिश करेंगे.

भारतीय टीम का स्थिर संयोजन

भारतीय टीम ने किसी भी प्रयोग से बचते हुए उसी विजयी टीम पर भरोसा जताया है जिसने सेमीफाइनल में जीत दर्ज की थी. सलामी जोड़ी के रूप में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन पर आक्रामक शुरुआत की जिम्मेदारी होगी. मध्यक्रम में सूर्या. तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या जैसे धुरंधर बल्लेबाज किसी भी गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ा सकते हैं. गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह की अगुवाई वाला आक्रमण अर्शदीप और वरुण चक्रवर्ती के साथ कीवियों को रोकने के लिए पूरी तरह से तैयार नजर आ रहा है.

स्टेडियम में जोश का माहौल 

अहमदाबाद के इस विशाल स्टेडियम में टॉस के समय से ही तिल रखने की जगह नहीं थी. सूर्यकुमार यादव ने भी इस अद्भुत माहौल की सराहना की और कहा कि फैंस का जोश खिलाड़ियों को प्रेरित करता है. पूरा स्टेडियम 'इंडिया-इंडिया' के नारों से गूंज रहा है. जिससे साफ है कि यह फाइनल मुकाबला क्रिकेट इतिहास के सबसे यादगार मैचों में से एक होने वाला है. प्रशंसकों को एक शानदार मुकाबले की उम्मीद है. अब देखना है कि कौन विश्व विजेता बनकर उभरता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो