दिल्ली ने राजस्थान को हराकर प्लेऑफ की दौड़ में किया खेल, 5 विकेट से जीता मैच

दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को रोमांचक मुकाबले में 5 विकेट से हरा दिया है. इस मुकाबले में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 193 रन बनाए थे.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

दिल्ली ने रोमांचक मुकाबले में राजस्थान को 5 विकेट से हराकर प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा है. अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 193 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया था, लेकिन दिल्ली ने आखिरी ओवर में लक्ष्य हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया.

यशस्वी जल्दी आउट हुए

राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत अच्छी रही और टीम ने बड़े स्कोर की नींव रखी. युवा बल्लेबाज वैभव ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 46 रन बनाए, जबकि कप्तान पराग और जुरेल ने शानदार अर्धशतक जड़े. इन पारियों की बदौलत राजस्थान निर्धारित ओवरों में 193 रन तक पहुंचने में सफल रही. दिल्ली की ओर से गेंदबाजी में स्टार्क सबसे प्रभावशाली रहे. उन्होंने चार विकेट लेकर राजस्थान की रनगति पर अंकुश लगाया. वहीं लुंगी और माधव ने भी दो-दो विकेट लेकर अहम योगदान दिया.

राहुल और पोरेल की अच्छी पारी

194 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स को शानदार शुरुआत मिली. राहुल और पोरेल ने पहले विकेट के लिए 105 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. राहुल ने 42 गेंदों पर 56 रन बनाए, जबकि पोरेल ने सिर्फ 31 गेंदों में 51 रन की तेज पारी खेली. दोनों बल्लेबाजों की आक्रामक बल्लेबाजी ने राजस्थान के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया.

हालांकि बीच के ओवरों में दिल्ली को कुछ झटके लगे और स्टब्स और मिलर बड़ी पारी नहीं खेल सके. इसके बाद कप्तान अक्षशर पटेल ने जिम्मेदारी संभाली और 18 गेंदों में 34 रन बनाकर मैच को दिल्ली की तरफ मोड़ दिया.

अंतिम ओवर में जीत दिलाने का काम आशुतोष ने किया. उन्होंने सिर्फ 5 गेंदों में 18 रन की तूफानी पारी खेलकर टीम को यादगार जीत दिलाई. इस जीत के साथ दिल्ली ने प्लेऑफ की दौड़ को और रोमांचक बना दिया है.

दिल्ली और राजस्थान दोनों के 12-12 अंक

अब दिल्ली और राजस्थान दोनों के 12-12 अंक हो गए हैं, लेकिन राजस्थान के पास अभी दो मुकाबले बाकी हैं, जबकि दिल्ली को सिर्फ एक मैच और खेलना है. ऐसे में आगे की राह दोनों टीमों के लिए बेहद अहम होने वाली है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो