गुजरात टाइटंस ने चेन्नई को 89 रन से हराकर टूर्नामेंट से किया बाहर
गुजरात टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रन से हराकर आईपीएल 2026 से बाहर कर दिया. शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर की दमदार बल्लेबाजी के बाद सिराज, रबाडा और राशिद खान की घातक गेंदबाजी ने चेन्नई को 140 रन पर समेट दिया.

नई दिल्ली: गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2026 के अहम मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रन से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया. कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 229 रन का विशाल स्कोर बनाया. जवाब में चेन्नई की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी तरह लड़खड़ा गई और केवल 13.4 ओवर में 140 रन पर ऑलआउट हो गई.
चेन्नई सुपर किंग्स के नाम अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज
इस हार के साथ चेन्नई सुपर किंग्स के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया. आईपीएल इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब टीम लगातार तीन सीजन 2024, 2025 और 2026 में प्लेऑफ में जगह बनाने में असफल रही. वहीं गुजरात टाइटंस ने 14 मैचों में 9वीं जीत दर्ज करते हुए 18 अंक हासिल किए और अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई.
चेन्नई की शुरुआत बेहद खराब रही. सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और विकेटकीपर उर्विल पटेल बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने शुरुआती झटके देकर मैच का रुख गुजरात की ओर मोड़ दिया. कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने 16 रन और मैथ्यू शॉर्ट ने 24 रन बनाकर संघर्ष करने की कोशिश की, लेकिन वे बड़ी पारी नहीं खेल सके.
शिवम दुबे की आक्रामक बल्लेबाजी
मध्यक्रम में शिवम दुबे ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 17 गेंद में 47 रन बनाए, जिसमें चार चौके और चार छक्के शामिल रहे. अंतिम ओवरों में अंशुल कंबोज ने भी तेज 19 रन जोड़े, लेकिन लगातार गिरते विकेटों के कारण चेन्नई की टीम मुकाबले में वापसी नहीं कर सकी. गुजरात की ओर से सिराज, कगीसो रबाडा और राशिद खान ने तीन-तीन विकेट लेकर चेन्नई की बल्लेबाजी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया.
इससे पहले गुजरात की पारी में शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने शानदार बल्लेबाजी की. दोनों ने पहले विकेट के लिए 125 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई. सुदर्शन ने 53 गेंदों में 84 रन बनाए, जबकि गिल ने केवल 37 गेंदों पर 64 रन की तेज पारी खेली.
इसके बाद जोस बटलर ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों पर नाबाद 57 रन बनाए. सुदर्शन और बटलर के बीच दूसरे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी हुई, जिसने गुजरात को 229 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.


