IND vs NZ: फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया की जीत हो गई पक्की! भारत को पिच से मिलेगा सबसे बड़ा फायदा
रविवार को अहमदाबाद में भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा. मैच शुरू होने से एक दिन पहले मिश्रित मिट्टी वाली पिच तैयार की जा रही है.

IND vs NZ: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मैच भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा. इस बड़े मुकाबले से पहले पिच को लेकर एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फाइनल के लिए मिश्रित मिट्टी वाली पिच तैयार की जा रही है, जिसमें लाल मिट्टी की मात्रा ज्यादा होगी. यह बदलाव टीम इंडिया के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है.
फाइनल में पिच का रहस्य
स्टेडियम में अब तक छह मैच हो चुके हैं और सातवां फाइनल होगा. आईसीसी टूर्नामेंट में पिच का फैसला आमतौर पर आईसीसी के हाथ में होता है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स बताती हैं कि फाइनल के लिए सेंटर पिच चुनी गई है, जो लाल और काली मिट्टी का मिश्रण होगी.
इसमें लाल मिट्टी ज्यादा होने से पिच में अच्छी उछाल और बल्लेबाजी के लिए मदद मिल सकती है. पर स्कोर करीब 200 के आसपास रहने की उम्मीद है. यह पिच तेज गेंदबाजों को भी कुछ मदद देगी, लेकिन स्पिनरों को ज्यादा टर्न नहीं मिलेगा.
भारत की पुरानी यादें ताजा
यह मैदान भारत के लिए पुरानी यादें ताजा कर रहा है. 2023 वनडे विश्व कप फाइनल में काली मिट्टी की पिच पर ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराया था. गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजी को रोक दिया था.
इसी तरह इस विश्व कप के सुपर-8 में साऊथ अफ्रीका ने काली मिट्टी वाली पिच पर भारत को 76 रनों से हराया, जो टीम की सबसे बड़ी हार बनी. इन हारों के बाद अब लाल मिट्टी ज्यादा वाली पिच तैयार करने की बात हो रही है, ताकि बल्लेबाजों को आसानी हो और टीम को फायदा मिले.
दोनों टीमों का प्रदर्शन
भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि न्यूजीलैंड ने साऊथ अफ्रीका को मात दी. भारत को घरेलू मैदान पर मजबूत टीम माना जा रहा है. फाइनल में उत्साह चरम पर है. खास फ्लाइट्स की व्यवस्था की गई है और फैंस बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं. पिच अगर बल्लेबाजी अनुकूल रही तो उच्च स्कोरिंग मैच देखने को मिल सकता है.
भारत का साथ देगा पिच
यह खुलासा फैंस में चर्चा का विषय बन गया है. कुछ लोग इसे टीम इंडिया के लिए फायदा मान रहे हैं, जबकि आईसीसी ने पिच को संतुलित रखने की कोशिश की है. मैच में टॉस भी महत्वपूर्ण होगा क्योंकि शाम को ओस का असर हो सकता है.
रविवार को पता चलेगा कि पिच का यह फैसला मैच को किस तरफ ले जाता है. भारत लगातार दूसरा खिताब जीतने की कोशिश में है और यह पिच उसकी उम्मीदों को मजबूत कर सकती है.


