Sports News: भारतीय टीम का ऐलान होते ही कई बड़े बदलाव सामने आए। 15 सदस्यीय टीम की कप्तानी शुभमन गिल को सौंपी गई है। उपकप्तानी का जिम्मा रवींद्र जडेजा को मिला है। ऋषभ पंत चोटिल होने की वजह से इस बार टीम में जगह नहीं बना पाए। जडेजा को उपकप्तान बनाना टीम प्रबंधन का बड़ा फैसला माना जा रहा है। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उन खिलाड़ियों की हो रही है जिन्हें बाहर कर दिया गया है।
करुण नायर का नाम इस बार टीम से गायब है। इंग्लैंड दौरे पर चार टेस्ट खेलने वाले इस बल्लेबाज ने केवल एक अर्धशतक लगाया था। उनके प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को भरोसा नहीं मिला। लगातार मौके मिलने के बावजूद वे बड़ी पारियां खेलने में नाकाम रहे। नतीजा ये हुआ कि वेस्टइंडीज सीरीज में उनका टिकट कट गया। नायर के बाहर होने से उनके अंतरराष्ट्रीय करियर पर भी सवाल उठने लगे हैं।
अभिमन्यु ईश्वरन के साथ फिर वही हुआ जो अक्सर होता है। इंग्लैंड दौरे पर वह पूरी सीरीज में बेंच पर बैठे रहे। वेस्टइंडीज सीरीज में भी उनका चयन नहीं हुआ। चयन समिति का कहना है कि घरेलू सीरीज में तीसरे ओपनर की जरूरत नहीं है। अगर भविष्य में ऐसी स्थिति बनी तो उन्हें जरूर टीम में जगह दी जाएगी। लेकिन फिलहाल उनकी मेहनत बेकार चली गई है।
इंग्लैंड दौरे पर शानदार गेंदबाजी करने वाले आकाश दीप को भी इस बार टीम से बाहर कर दिया गया है। सेलेक्टर्स ने उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा को तरजीह दी। आकाश दीप ने इंग्लैंड में टीम को टेस्ट सीरीज ड्रॉ कराने में अहम भूमिका निभाई थी। अब उन्हें ईरानी ट्रॉफी में रेस्ट ऑफ इंडिया के लिए खेलना होगा। उनके बाहर होने से कई पूर्व खिलाड़ी भी हैरान हैं।
शार्दुल ठाकुर के लिए भी यह टीम चयन निराशाजनक रहा। इंग्लैंड दौरे पर उन्हें दो टेस्ट मिले लेकिन प्रदर्शन फीका रहा। उन्हें कुल 27 ओवर फेंकने का मौका मिला और केवल दो विकेट हासिल कर पाए। बल्लेबाजी में भी उनका बल्ला नहीं चला। नतीजा यह हुआ कि चयनकर्ताओं ने इस बार उन पर भरोसा नहीं जताया। शार्दुल के बाहर होने पर सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज है।
तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को इंग्लैंड दौरे पर डेब्यू करने का मौका मिला था। लेकिन वह केवल एक विकेट ले पाए। चयनकर्ताओं ने उन्हें इस बार मौका नहीं दिया। कंबोज को उम्मीद थी कि उन्हें और समय मिलेगा, लेकिन खराब प्रदर्शन ने उनके सपनों पर रोक लगा दी। युवा खिलाड़ी होने के बावजूद उनका चयन न होना हैरानी की बात है।
इस बार सबसे बड़ा फैसला श्रेयस अय्यर ने खुद लिया। उनका नाम चयन के लिए तय था लेकिन उन्होंने रेड बॉल क्रिकेट से ब्रेक ले लिया। अय्यर ने अपनी फिटनेस का हवाला दिया और वेस्टइंडीज सीरीज में खेलने से साफ मना कर दिया। चयन समिति का कहना है कि अगर अय्यर फिट होते तो वह जरूर खेलते। इस कदम ने टीम में हलचल मचा दी है। First Updated : Thursday, 25 September 2025