नई दिल्ली: चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में भारत और अफगानिस्तान के बीच हो रहे एकमात्र टेस्ट मैच के दूसरे दिन का पहला सेशन बहुत रोमांचक रहा. 7 जून को मैच के दूसरे दिन खेल की शुरुआत भारत के दबदबे के साथ हुई. लेकिन अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने पहले सत्र में शानदार वापसी करते हुए भारतीय बल्लेबाजों को कड़ी टक्कर दी.
पहली पारी में 6 विकेट खोकर 491 रन बनाए
दूसरे दिन लंच ब्रेक तक भारत ने अपनी पहली पारी में 6 विकेट खोकर 491 रन बना लिए हैं. पहले सत्र में अफगानिस्तान को 3 बड़ी सफलताएं जरूर मिलीं. लेकिन इस दौरान टीम इंडिया ने स्कोरबोर्ड पर 107 रन भी जोड़े जिसके चलते मैच पर भारत की पकड़ मजबूत बनी हुई है.
शुभमन गिल और ऋषभ पंत की बड़ी पारियां
मैच के पहले दिन भारत ने केएल राहुल के शानदार शतक, साई सुदर्शन के 81 रन और यशस्वी जायसवाल के 24 रनों की बदौलत 85 ओवरों में 368/3 का एक विशाल स्कोर खड़ा किया था. आज भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने पहले दिन के अपने स्कोर को आगे बढ़ाया और शानदार बल्लेबाजी करते हुए 126 रनों की कप्तानी पारी खेली. भारत को चौथा झटका 416 के कुल स्कोर पर लगा जब गिल आउट होकर पवेलियन लौटे.
ध्रुव जुरेल ज्यादा समय तक नहीं टिक पाए
शुभमन गिल के आउट होने के बाद ध्रुव जुरेल क्रीज पर आए लेकिन वह आज ज्यादा देर नहीं टिक सके और एक छोटी सी साझेदारी के बाद चलते बने. जुरेल के आउट होने के बाद विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने पारी को संभाला. वह 81 रन के निजी स्कोर पर अपना विकेट गंवा बैठे. पंत ने अपनी 121 गेंदों की सूझबूझ भरी पारी में 6 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के लगाए.
अफगानी कप्तान शाहिदी ने पंत को फंसाया
अफगानी कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने पंत को एक तरीके से फंसाया और पंत का विकेट भारत के लिए सबसे बड़ा झटका रहा. पारी के 102वें ओवर की चौथी गेंद पर अफगानिस्तान के कप्तान शाहिदी की गेंद को पंत ने बढ़कर बाउंड्री के पार भेजना चाहा. मगर गेंद बल्ले के निचले हिस्से पर लगकर हवा में तैर गई और लॉन्ग ऑफ पर अजमतुल्लाह ओमरजाई ने एक आसान सा कैच लपककर पंत की पारी का अंत कर दिया.
क्रीज पर वाशिंगटन सुंदर और मानव सुथार
पंत के आउट होने के बाद भारत के युवा स्पिनर मानव सुथार ने क्रीज पर कदम रखा. जिनका यह अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू मैच है. लंच की घोषणा होने तक भारतीय टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर 491 रन जोड़ लिए हैं. फिलहाल क्रीज पर वाशिंगटन सुंदर 23 रन बनाकर और अपना पहला मैच खेल रहे मानव सुथार 16 रन बनाकर डटे हुए हैं. First Updated : Sunday, 07 June 2026