T20 World Cup 2026: तीसरी बार सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड होंगे आमने-सामने, जानें पिछले दो भिड़ंत के क्या रहे नतीजे
भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सेमीफइनल 5 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. यह तीसरी बार है, जब दोनों टीमें एक दूसरे के खिलाफ सेमीफइनल में प्रदर्शन कर रही है. ऐसे में आइए जानते हैं अब तक पिछले 2 मैचों के नतीजे किसके पक्ष में रहे.

T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड की टक्कर हो रही है. यह मैच 5 मार्च 2026 को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. यह लगातार तीसरी बार है जब दोनों टीमें सेमीफाइनल में भिड़ रही हैं. 2022 और 2024 के विश्व कप में भी सेमीफाइनल में यही मुकाबला हुआ था. अब फैंस उत्सुक हैं कि इस बार नतीजा क्या होगा.
2022 में इंग्लैंड की शानदार जीत
2022 टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में एडिलेड ओवल पर भारत ने पहले बल्लेबाजी की. हार्दिक पंड्या की 63 रनों की पारी और विराट कोहली के 50 रनों की मदद से भारत ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 168 रन बनाए, लेकिन इंग्लैंड ने लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया.
एलेक्स हेल्स ने 47 गेंदों पर 86 रन और जोस बटलर ने 49 गेंदों पर 80 रन बनाए. इंग्लैंड ने 16 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 170 रन बनाकर 10 विकेट से जीत हासिल की. इंग्लैंड ने उस टूर्नामेंट का खिताब भी जीता था.
2024 में भारत की धमाकेदार वापसी
2024 टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में गुयाना के प्रॉविडेंस में भारत ने 171 रन बनाए. रोहित शर्मा ने 57 और सूर्यकुमार यादव ने 47 रनों की पारी खेली. इंग्लैंड की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही. वे 16.4 ओवर में सिर्फ 103 रन पर ऑलआउट हो गए.
भारत ने मैच 68 रनों से जीता. स्पिनरों ने कमाल किया- कुलदीप यादव और अक्षर पटेल ने 3-3 विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह ने 2 विकेट चटकाए. भारत ने फाइनल जीतकर खिताब अपने नाम किया.
दोनों पुराने मैच एकतरफा रहे
पिछले दोनों सेमीफाइनल पूरी तरह एकतरफा रहे. 2022 में इंग्लैंड ने भारत को बुरी तरह हराया, जबकि 2024 में भारत ने इंग्लैंड को धूल चटाई. दोनों टीमों ने एक-एक बार जीत दर्ज की. अब 2026 में तीसरा मुकाबला है.
इस बार दोनों टीमों की स्थिति
इस बार भारत ने सुपर-8 में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई. संजू सैमसन की नाबाद 97 रनों की पारी यादगार रही. इंग्लैंड ग्रुप-2 में टॉप पर रही लेकिन ग्रुप स्टेज में नेपाल और इटली के खिलाफ मुश्किल से जीती.
सुपर-8 में भी उसके मैच कड़े रहे. दोनों टीमों में कई खिलाड़ी फॉर्म से जूझ रहे हैं. वानखेड़े की पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी मानी जाती है, लेकिन दबाव वाला मैच होगा.


