स्पिन या पेस? भारत बनाम पाक संभावित प्लेइंग XI, अभिषेक शर्मा की हो सकती है वापसी, टीम में होगा बदलाव

15 फरवरी को कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे. दोनों टीमें अपराजित हैं. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने दबाव को स्वीकार करते हुए संतुलित संयोजन पर जोर दिया, जबकि पाकिस्तान भी गेंदबाजी रणनीति में बदलाव पर विचार कर रहा है.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: क्रिकेट प्रेमियों का इंतजार खत्म होने वाला है. भारत और पाकिस्तान की ऐतिहासिक टक्कर एक बार फिर रोमांच भरने के लिए तैयार है. ग्रुप ए का यह बड़ा मुकाबला 15 फरवरी, रविवार को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा. हाल के वर्षों में भारत का पलड़ा भारी रहा है, लेकिन जब ये दोनों टीमें आमने-सामने होती हैं तो आंकड़े पीछे छूट जाते हैं और दबाव सबसे बड़ा किरदार बन जाता है.

मैच से पहले काफी चर्चा खिलाड़ियों से ज्यादा खेल प्रशासकों और अन्य लोगों के बयानों को लेकर रही. लेकिन अब सारी बातें खत्म हो चुकी हैं और फैसला मैदान पर होगा. दोनों टीमें इस टूर्नामेंट में अब तक अपराजित हैं. ऐसा माना जा रहा है कि भारत और पाकिस्तान सुपर 8 में पहुंच सकते हैं, फिर भी इस मैच को कोई हल्के में नहीं ले रहा.

कप्तान सूर्यकुमार यादव का साफ संदेश

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आत्मविश्वास दिखाया. जब उनसे पाकिस्तानी कप्तान की उस इच्छा के बारे में पूछा गया जिसमें अभिषेक शर्मा को खिलाने की बात कही गई थी, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि अगर वे चाहते हैं तो हम उन्हें जरूर खिलाएंगे. सूर्या ने माना कि भारत-पाक मुकाबला बड़ा मंच है और खिलाड़ी समझते हैं कि इस मैच का महत्व क्या है. उन्होंने कहा कि टीम का प्रयास रहेगा कि चीजों को सरल रखा जाए और दबाव को हावी न होने दिया जाए.

पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक के अनोखे गेंदबाजी एक्शन पर भी सूर्या ने भरोसा जताया. उन्होंने कहा कि भारतीय बल्लेबाज ऐसे गेंदबाजों के खिलाफ अभ्यास करते हैं और किसी के सामने झुकने का सवाल ही नहीं है. तेज गेंदबाजी संयोजन को लेकर उन्होंने स्वीकार किया कि टीम चयन आसान नहीं है. जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज जैसे गेंदबाजों के बीच अंतिम फैसला लेना चुनौतीपूर्ण होगा.

पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा का जवाब

दूसरी ओर पाकिस्तान के कार्यवाहक कप्तान सलमान अली आगा ने उस्मान तारिक को लेकर हो रही चर्चा को ज्यादा महत्व नहीं दिया. उन्होंने कहा कि टीम में सभी 15 खिलाड़ी बराबर हैं, हालांकि तारिक को उन्होंने टीम का अहम हथियार भी बताया. तारिक के गेंदबाजी एक्शन पर उठे सवालों को उन्होंने नजरअंदाज करते हुए कहा कि खिलाड़ी इन बातों से प्रभावित नहीं होता. उन्होंने यह भी कहा कि टीम हर स्थिति के लिए तैयार है, चाहे खेल हो या कोई और चुनौती.

टीम चयन पर नजर

भारतीय टीम के लिए राहत की खबर यह है कि अभिषेक शर्मा अब फिट हैं और अभ्यास सत्र में नजर आए. बीमारी के कारण पिछला मैच नहीं खेल पाने के बाद उनकी वापसी टीम को मजबूती दे सकती है. संभावना है कि भारत स्पिन विकल्पों को प्राथमिकता दे सकता है. कुलदीप यादव जैसे अनुभवी स्पिनर और वाशिंगटन सुंदर जैसे ऑलराउंडर टीम संयोजन को संतुलन दे सकते हैं. सुंदर के शामिल होने से बल्लेबाजी भी गहराई पा सकती है.

पाकिस्तान भी अपनी गेंदबाजी रणनीति में बदलाव पर विचार कर रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, टीम पांच स्पिनरों की जगह संतुलित आक्रमण उतार सकती है, जिसमें दो स्पिनर और दो तेज गेंदबाज शामिल हों. ऐसे में मोहम्मद नवाज या अन्य ऑलराउंडर को बाहर बैठना पड़ सकता है. हालांकि अंतिम फैसला पिच और मौसम को देखकर लिया जाएगा.

भारत और पाकिस्तान: पूरी टीमें

भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल (उपकप्तान), इशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा,  हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह,  वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रित बुमरा, अभिषेक शर्मा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, वाशिंगटन सुंदर

पाकिस्तान: सलमान आगा (कप्तान), उस्मान खान (विकेटकीपर), ख्वाजा नफे (विकेटकीपर), सईम अयूब, साहिबजादा फरहान,  बाबर आजम, मोहम्मद नवाज, शादाब खान, फहीम अशरफ,  शाहीन अफरीदी, अबरार अहमद, उस्मान तारिक, फखर जमान, नसीम शाह, सलमान मिर्जा

भारत और पाकिस्तान: संभावित प्लेइंग XI

भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रित बुमरा, वरुण चक्रवर्ती

पाकिस्तान: सलमान अली आगा (कप्तान), उस्मान खान (विकेटकीपर), सईम अयूब, साहिबजादा फरहान, बाबर आजम, फहीम अशरफ, शादाब खान, शाहीन अफरीदी, अबरार अहमद, उस्मान तारिक, सलमान मिर्जा

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag