प्रेमदासा स्टेडियम, 15 फरवरी और भारत-पाक मैच... लेकिन इस बार नहीं होंगे ‘चेस मास्टर’ कोहली

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में भारत-पाकिस्तान भिड़ेंगे. पहली बार वर्ल्ड कप में विराट कोहली इस मुकाबले का हिस्सा नहीं होंगे, हालांकि हालिया फॉर्म के आधार पर भारत को मजबूत दावेदार माना जा रहा है.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: क्रिकेट की दुनिया में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला हमेशा खास होता है, लेकिन इस बार टी20 वर्ल्ड कप 2026 का यह मैच कुछ अलग मायने रखता है. 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में दोनों टीमें आमने-सामने होंगी. मौजूदा चैंपियन भारत को जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा है, लेकिन इस बार एक बड़ी कमी खलेगी. विराट कोहली इस मुकाबले का हिस्सा नहीं होंगे. पिछले करीब डेढ़ दशक में यह पहला मौका होगा जब किसी वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान विराट कोहली मैदान पर नहीं दिखेंगे. 

जब से विराट कोहली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा, पाकिस्तान के खिलाफ बड़े मुकाबलों में उनका बल्ला अक्सर बोला है. खासकर वर्ल्ड कप मैचों में कोहली ने कई बार टीम को मुश्किल हालात से निकालकर जीत दिलाई है. फैंस को अब तक यह भरोसा रहता था कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच है तो कोहली कुछ खास जरूर करेंगे. ऐसे में उनके बिना यह मुकाबला थोड़ा अधूरा सा महसूस होगा, भले ही टीम इंडिया मजबूत स्थिति में क्यों न हो.

प्रेमदासा स्टेडियम से खास रिश्ता

कोलंबो का आर. प्रेमदासा स्टेडियम कोहली के लिए यादगार रहा है. यहां भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक तीन मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से दो में भारत ने जीत दर्ज की. इन दोनों मैचों में कोहली ने शानदार प्रदर्शन किया और प्लेयर ऑफ द मैच बने. साल 2023 के एशिया कप में इसी मैदान पर उन्होंने शतक जमाया था और भारत ने बड़ी जीत हासिल की थी. इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप 2012 में भी उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 78 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई थी. उस मैच में उन्होंने गेंदबाजी में भी योगदान दिया था.

15 फरवरी का पुराना कनेक्शन

15 फरवरी की तारीख भी भारत-पाकिस्तान मुकाबलों के इतिहास में खास रही है. 11 साल पहले, 2015 वनडे वर्ल्ड कप में इसी दिन एडिलेड में दोनों टीमें भिड़ी थीं. उस मैच में भी कोहली ने शतक लगाया था और भारत ने जीत दर्ज की थी. अब फिर से 15 फरवरी को दोनों टीमें आमने-सामने हैं, लेकिन इस बार कोहली मैदान में नहीं होंगे. इतिहास खुद को दोहराएगा या नहीं, यह तो वक्त बताएगा, लेकिन उनके बिना यह मुकाबला अलग जरूर लगेगा.

फिर भी भारत मजबूत दावेदार

हाल के रिकॉर्ड और मौजूदा फॉर्म को देखते हुए भारतीय टीम को इस मैच में बढ़त हासिल है. टीम संतुलित नजर आ रही है और खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी अच्छा रहा है. हालांकि, भारत-पाकिस्तान मैच में आंकड़ों से ज्यादा दबाव और हालात मायने रखते हैं. यह मुकाबला रोमांच से भरपूर रहने वाला है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag