आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दिल्ली-बिहार बस पलटने से 6 लोगों की हुई मौत, 10 से अधिक घायल

उन्नाव के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से गोरखपुर की ओर जा रही डबल डेकर बस पलटने से 6 यात्रियों की मौत हो गई और 10 से अधिक लोग घायल हो गए.

Sonee Srivastav

उन्नाव: मंगलवार सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर एक भयानक सड़क दुर्घटना हो गई. दिल्ली से गोरखपुर जा रही यात्रियों से भरी डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई और 10 से अधिक यात्री घायल हो गए. कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

कैसे हुआ हादसा?

हादसा उन्नाव जिले के औरास थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 262 पर हुआ. बस सुबह के समय तेज रफ्तार में चल रही थी. पुलिस के अनुसार चालक को नींद की झपकी आ जाने से बस अनियंत्रित हो गई. बस पहले सड़क किनारे की रेलिंग से जोरदार टकराई और फिर पलट गई. टक्कर इतनी तेज थी कि बस के शीशे टूट गए और कई यात्री बस से बाहर जा गिरे. 

कई यात्री सीटों के नीचे दबे

हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. कुछ लोग सीटों के नीचे दब गए, जबकि कई लोग सड़क पर गिर गए. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस काफी तेज गति से जा रही थी, जिसकी वजह से दुर्घटना इतनी भयानक हो गई. 

घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल 

यासूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा की टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए. सभी ने मिलकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला. घायलों को तुरंत एंबुलेंस से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया. जिन यात्रियों की हालत गंभीर है, उन्हें लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है. 

मृतकों की पहचान का काम चल रहा है. पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया.

प्रशासन की सतर्कता

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है प्राथमिक जांच में ड्राइवर की लापरवाही सामने आई है. ऐसे लंबे सफर में ड्राइवरों को पर्याप्त आराम लेने की सलाह दी जाती है. यह दुर्घटना एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर वाहन चलाने की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रही है. यात्रियों से अपील की गई है कि तेज रफ्तार वाली बसों में सवार होने से पहले सीट बेल्ट जरूर लगाएं और ड्राइवर की थकान पर नजर रखें.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो