IPL 2023: क्वालीफायर मैच से पहले हार्दिक ने महेंद्र सिंह धोनी को लेकर दिया बयान, बोले- 'माही मेरे बड़े भाई की तरह हैं, मैं हमेशा उनका फैन रहूंगा'

गुजरात टाइटंस की फ्रेंचाइजी की तरफ से टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या का एक वीडियो शेयर किया गया है। इस वीडियो में हार्दिक पांड्या ने महेंद्र सिंह धोनी की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें अपना बड़ा भाई बताया है।

Dheeraj Dwivedi

इंडियन प्रीमियर लीग के 16वें संस्करण में आज से प्लेऑफ मुकाबलों का आगाज देखने को मिलेगा। इस सीजन (IPL 2023) के पहले क्वालीफायर मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस की टक्कर देखने को मिलेगी। इस महत्वपूर्ण मुकाबले से पहले गुजरात टाइटंस की टीम ने अपनी टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या का एक वीडियो शेयर किया है। इसमें हार्दिक पांड्या चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की जमकर तारीफ करते हुए कह रहे हैं, कि आखिर क्यों वह खुद भी धोनी के इतने बड़े फैन हैं।

गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने इस वीडियो में महेंद्र सिंह धोनी को लेकर कहा कि, "काफी सारे लोग सोचते हैं कि माही काफी सीरियस है, लेकिन मैं उनके साथ मजाक करता हूं और उन्हें महेंद्र सिंह धोनी की तरह नहीं देखता हूं। मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है, बहुत सारी सकारात्मक चीजें सिर्फ धोनी को देखते हुए ही नहीं बल्कि धोनी से बात करते हुए भी मैंने सीखी हैं।"

वहीं महेंद्र सिंह धोनी को लेकर हार्दिक ने आगे कहा कि, "मेरे लिए वह बड़े भाई और दोस्त की तरह हैं, जिनके साथ मैं मजाक कर सकता हूं, मजे कर सकता हूं। मैं हमेशा महेंद्र सिंह धोनी का फैन रहा हूं और रहूंगा। आपको उनसे नफरत करने के लिए सच में शैतान बनना होगा।"

IPL 2023 में हर स्टेडियम में धोनी को मिला फैंस का प्यार -

इस सीजन महेंद्र सिंह धोनी जिस भी मैदान पर खेलने उतरे हैं, उन्हें वहां पर फैंस का भरपूर प्यार और समर्थन मिला है। सभी का यह मानना है कि महेंद्र सिंह धोनी का इंडियन प्रीमियर लीग का यह आखिरी सीजन हो सकता है। इसी वजह से चेन्नई सुपर किंग्स की टीम जिस शहर और जिस स्टेडियम में भी खेलने पहुंची है, वहां पूरा स्टेडियम येलो नजर आया है। हालांकि अभी तक महेंद्र सिंह धोनी की ओर से इंडियन प्रीमियर लीग में अपने संन्यास को लेकर किसी भी तरह की कोई बात सामने नहीं आई है।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag