IPL 2023 CSK vs GT: एक बार फिर चेन्नई सुपर किंग्स पर भारी पड़ी गुजरात टाइटंस, ये रही हार की 3 प्रमुख वजह

महेंद्र सिंह धोनी की नेतृत्व वाली चेन्नई सुपर किंग्स को IPL 2023 के उद्घाटन मुकाबले में गुजरात टाइटंस के हाथों 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।

Dheeraj Dwivedi
Dheeraj Dwivedi

हाइलाइट

  • महेंद्र सिंह धोनी की नेतृत्व वाली चेन्नई सुपर किंग्स को IPL 2023 के उद्घाटन मुकाबले में गुजरात टाइटंस के हाथों 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।

महेंद्र सिंह धोनी की नेतृत्व वाली चेन्नई सुपर किंग्स को IPL 2023 के उद्घाटन मुकाबले में गुजरात टाइटंस के हाथों 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले में कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को टॉस हारने के साथ ही मैच में भी हार का सामना करना पड़ा।

उद्घाटन मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 178 रन बनाए और गुजरात टाइटंस को 179 रन का लक्ष्य दिया।

इसके जवाब में गुजरात टाइटंस ने 4 गेंद शेष रहते ही मुकाबले को 5 विकेट से अपने नाम किया। ऐसे में आइए हम इस खबर के जरिए जानते हैं चेन्नई सुपर किंग्स की हार के तीन बड़े कारण के बारे में...

1. ऋतुराज गायकवाड़ के अलावा सभी बल्लेबाज रहे फ्लॉप -

चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बेहद खराब प्रदर्शन किया। चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से सिर्फ ऋतुराज गायकवाड़ ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 13वें ओवर तक टीम को 121 रन तक पहुंचाया।

ऋतुराज ने मुकाबले में 50 गेंदों का सामना करते हुए 9 छक्के और चार चौके की मदद से 92 रनों की शानदार पारी खेली। गायकवाड़ के अलावा कोई भी बल्लेबाज ज्यादा रन नहीं बना सका।

डेवोन कॉनवे महज 1 रन पर आउट हुए, तो बेन स्टोक्स 7 रन पर रशीद का शिकार बने और सस्ते में पवेलियन लौटे। वहीं रविंद्र जडेजा भी कुछ खास नहीं कर पाए और 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

2. खराब फील्डिंग से किया निराश -

चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने उद्घाटन मुकाबले में खराब फील्डिंग का नजारा पेश किया। गुजरात टाइटंस की पारी के 16वें ओवर में चेन्नई की टीम के दो खिलाड़ियों ने खराब फील्डिंग की वजह से रन लुटाए।

16वें ओवर में स्पिनर गेंदबाज मिचेल सेंटनर की गेंद पर विजय शंकर ने एक्सट्रा कवर की तरफ एक बेहतरीन शॉट खेला। इस गेंद को पकड़ने के लिए डेवोन कॉन्वे और बेन स्टोक्स के बीच तालमेल की कमी दिखी, दोनों खिलाड़ी पहले आप के चक्कर में रन लुटा बैठे।

इसके अलावा महेंद्र सिंह धोनी ने मुकाबले में मात्र 5 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया, जिसमें दीपक चाहर और रविंद्र जडेजा ही कुछ खास कर सके। IPL में पहला ही मुकाबला खेल रहे तेज गेंदबाज राजवर्धन हैंगरगेकर ने खास प्रभावित किया और 3 विकेट अपने नाम किए।

3. नो बॉल बनी हार की प्रमुख वजह -

इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने नो बॉल की वजह से 14 रन गंवाए। दोनों नो बॉल की फ्री हिट पर चौका और छक्का आया। नो बॉल से गुजरात टाइटंस के बल्लेबाजों को हाथ खोलने का मौका मिला और चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाजों की सारी मेहनत पर पानी फिर गया।

पहली नो बॉल ऑलराउंडर राजवर्धन हैंगरगेकर ने चौथे ओवर में की। इस पर फ्री हिट मिली तो बचने के प्रयास में हैंगरगेकर ने अगली गेंद वाइड डाली। ऐसे में फ्री हिट बरकरार रही और उस पर चौका आया, हैंगरगेकर एक गेंद पर 6 रन लुटाए।

इसके बाद तुषार देशपांडे ने भी अगले ही ओवर में नो बॉल की गलती की और इस पर 1 रन मिला। इसके बाद फ्री हिट पर शुभमन गिल ने छक्का जमाया।

calender
01 April 2023, 01:43 PM IST

जरुरी ख़बरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो