लखनऊ की कप्तानी से होगी ऋषभ पंत की छुट्टी LSG ने IPL 2026 में शर्मनाक प्रदर्शन के बाद दिया बड़ा हिंट

पंजाब के खिलाफ खेले गए मैच आखिरी मैच में लखनऊ को मिली हार के बाद कप्तान ऋषभ पंत की कप्तानी पर सवाल खड़े हो गए हैं. टीम के डायरेक्टर ने एक बयान में कुछ हिंट दिए हैं.

calender

लखनऊ: आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का सफर बेहद निराशाजनक रहा. टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई और अब कप्तान ऋषभ पंत की भविष्य की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं. टीम के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी के ताजा बयान ने पंत की कप्तानी पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है. 

टॉम मूडी का बड़ा संकेत

पंजाब किंग्स के खिलाफ हार के बाद LSG ने इस सीजन से औपचारिक विदाई ली. सिर्फ 8 अंक हासिल कर टीम का प्रदर्शन काफी कमजोर रहा. मैच के तुरंत बाद टॉम मूडी ने कहा, “हम पूरे सीजन पर शांत दिमाग से विचार करेंगे. हम अपने स्तर के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पाए. टीम की लीडरशिप भविष्य में कैसी हो, इस पर गंभीरता से सोचना होगा. हमें रीसेट की जरूरत है.”

इस बयान को LSG मैनेजमेंट का पंत की कप्तानी पर पुनर्विचार करने का संकेत माना जा रहा है. संजीव गोयनका की फ्रेंचाइजी अब अगले सीजन से पहले बड़े बदलाव की तैयारी में दिख रही है. 

पंत का खराब प्रदर्शन

इस सीजन ऋषभ पंत न तो बल्ले से कमाल दिखा पाए और न ही कप्तानी में दिखा पाए. 13 पारियों में उन्होंने 28.36 की औसत से सिर्फ 312 रन बनाए. मात्र दो अर्धशतक उनके नाम रहे. कई महत्वपूर्ण मैचों में उनकी बल्लेबाजी और फैसले दोनों ही टीम को महंगे पड़े.

टीम में अनुभवी विदेशी खिलाड़ी और अच्छे भारतीय स्टार होने के बावजूद LSG पूरे सीजन बिखरी हुई नजर आई. कप्तानी के फैसलों पर बार-बार सवाल उठे और टीम दबाव में टूटती दिखी.

चर्चा में केएल राहुल का नाम

LSG के खराब प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है कि क्या फ्रेंचाइजी अब किसी अनुभवी भारतीय कप्तान को फिर से मौका देगी. दिलचस्प बात यह है कि केएल राहुल पहले LSG की कप्तानी कर चुके हैं और हाल ही में उन्हें भारतीय टीम की टेस्ट उप-कप्तानी भी सौंपी गई है.

इसके अलावा पंत को हाल ही में अफगानिस्तान व्हाइट-बॉल सीरीज के लिए भारतीय टीम से बाहर रखा गया है, जो उनके लिए एक और झटका साबित हुआ. अभी तक LSG की तरफ से पंत पर कोई आधिकारिक फैसला नहीं आया है, लेकिन टॉम मूडी के बयान से साफ है कि फ्रेंचाइजी कप्तानी समेत पूरी टीम को रीसेट करने की सोच रही है.  First Updated : Sunday, 24 May 2026

Topics :