पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने विराट कोहली की शानदार प्रदर्शन को देखकर उन्हें एक नया नाम दे दिया है. न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में 93 रनों की बेहतरीन पारी खेलने वाले कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, भले ही वह शतक से चूक गए हों, लेकिन उनका बल्ला एक बार फिर भरोसे की तरह चला.
कोहली का यह फॉर्म सिर्फ एक मैच की कहानी नहीं है, बल्कि पिछले कई मुकाबलों से वह लगातार रन बना रहे हैं. उनकी इस निरंतरता ने क्रिकेट विशेषज्ञों को भी हैरान कर दिया है और इसी कड़ी में इरफान पठान ने उन्हें 'विराट कंसिस्टेंट कोहली' यानी VCK का खिताब दिया है.
विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ 93 रन बनाकर भले ही शतक से दूर रह गए, लेकिन वनडे क्रिकेट में यह उनका लगातार सातवां फिफ्टी-प्लस स्कोर था. इन सात पारियों में तीन शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं. इनमें दो वनडे इंटरनेशनल शतक और एक विजय हजारे ट्रॉफी का शतक भी शामिल है.
कोहली की यह शानदार लय ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे से शुरू हुई थी, जहां उन्होंने 74 रन की नाबाद पारी खेली थी. इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में उन्होंने पहले वनडे में 135, दूसरे में 102 और तीसरे में नाबाद 65 रन बनाए. विजय हजारे ट्रॉफी में भी उन्होंने 131 और 77 रनों की पारियां खेलीं. अब न्यूजीलैंड के खिलाफ 93 रन जोड़कर उन्होंने अपनी निरंतरता को और मजबूत किया है.
अपने यूट्यूब चैनल पर इरफान पठान ने कहा कि विराट कोहली जिस तरह से बैटिंग कर रहे हैं, हम उन्हें 'विराट कंसिस्टेंट कोहली' कह सकते हैं. पिछली 7 पारियों में उन्होंने 3 शतक और 4 अर्धशतक जड़े हैं. पहले ओडीआई में वह बहुत मामूली अंतर से शतक से चूक गए और अब इंटरनेशनल क्रिकेट में 28 हजार रन पूरे कर लिए हैं. वह अब सिर्फ सचिन तेंदुलकर से ही पीछे हैं. कोहली की इसलिए तारीफ होनी चाहिए कि वह कैसे अपनी पारियों को पढ़ा रहे हैं और कैसे 37 की उम्र में नियमित तौर पर बाहर निकलकर बैटिंग कर रहे हैं.
इरफान पठान ने कोहली की तकनीक को उनकी सफलता का सबसे बड़ा आधार बताया. उन्होंने कहा कि जब कोई बल्लेबाज नियमित तौर पर स्टेप आउट करता है तब बहुत सारी चीजें गलत हो सकती हैं. लेकिन कोहली का हेड पोजिशन स्ट्रॉन्ग है और ये दिखाता है कि उनकी टेक्निक कितनी स्ट्रॉन्ग है. आपका कोर स्ट्रॉन्ग होना चाहिए तभी बैटर स्टेप आउट करके उस तरह के बड़े शॉट खेल सकता है.
उन्होंने आगे कहा कि कोहली ने शुरुआत में आक्रामक खेल दिखाया और पहली 20 गेंदों में 6 बाउंड्री लगाईं, लेकिन सेट होने के बाद उन्होंने अपना अप्रोच बदला.
शुरुआत में वह आक्रामक खेले लेकिन सेट होने के बाद अगली 50 गेंदों तक सिर्फ 1 बाउंड्री लगाई. उनके इस अप्रोच को देखना शानदार है और कैसे वह बेहतर हो रहा है.
पठान ने यह भी कहा कि अगर सीरीज लंबी हो या त्रिकोणीय सीरीज खेली जाए तो कोहली के अंतरराष्ट्रीय रनों में और इजाफा हो सकता है. उनके मुताबिक, कोहली इस वक्त ऐसे फॉर्म में हैं कि हर मैच में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद की जा सकती है.
First Updated : Monday, 12 January 2026