जम्मू-कश्मीर ने बंगाल को 6 विकेट से हराकर पहली बार फाइनल में जगह की पक्की
जम्मू और कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 के फाइनल में अपनी जगह बना ली है. उन्होंने सेमीफइनल में बंगाल टीम को 6 विकेट से हराकर अपनी जगह पक्की की है.

JK vs Bengal: जम्मू और कश्मीर क्रिकेट टीम ने एक यादगार उपलब्धि हासिल की है. उन्होंने रणजी ट्रॉफी 2025-26 के सेमीफाइनल में मजबूत बंगाल टीम को 6 विकेट से हराकर पहली बार फाइनल में प्रवेश किया. यह मैच कलकत्ता के बंगाल क्रिकेट अकादमी ग्राउंड में खेला गया, जहां जम्मू-कश्मीर ने शानदार प्रदर्शन से इतिहास रचा. यह उनके लिए 67 साल के सफर का सबसे बड़ा पड़ाव है.
पहली पारी में संघर्ष
बंगाल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और सुदीप कुमार घरामी की 146 रनों की शानदार पारी की मदद से 328 रन बनाए. जम्मू-कश्मीर की ओर से औकिब नबी ने 5 विकेट लेकर टीम को वापसी का मौका दिया. जवाब में जम्मू-कश्मीर ने अब्दुल समद की 82 रनों की पारी और औकिब नबी के 42 रनों के साथ 302 रन बनाए. मोहम्मद शमी ने बंगाल के लिए 8 विकेट लेकर करियर बेस्ट प्रदर्शन किया और टीम को 26 रनों की बढ़त दिलाई.
दूसरी पारी में गेंदबाजों का कमाल
दूसरी पारी में जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाजों ने कमाल दिखाया. औकिब नबी ने 4 विकेट और सुनील कुमार ने भी 4 विकेट लेकर बंगाल को मात्र 99 रनों पर समेट दिया. बंगाल के बल्लेबाज पूरी तरह लड़खड़ा गए और टीम को सिर्फ 126 रनों का छोटा लक्ष्य मिला.
शर्मा और समद की कमाल की पारी
126 रनों का लक्ष्य आसान नहीं था, लेकिन जम्मू-कश्मीर के बल्लेबाजों ने धैर्य दिखाया. चौथे दिन सुबह स्कोर 71/4 था और 55 रन चाहिए थे. ऐसे मुश्किल हालात में अब्दुल समद ने नाबाद 30 रन (27 गेंदों में 1 चौका, 3 छक्के) बनाए. वंशज शर्मा ने नाबाद 43 रन बनाकर क्रीज पर टिके रहे और टीम को 6 विकेट शेष रहते जीत दिलाई.
औकिब नबी बने मैच के हीरो
औकिब नबी इस मैच के असली हीरो रहे. उन्होंने कुल 9 विकेट लिए (पहली पारी में 5, दूसरी में 4) और बल्ले से भी योगदान दिया। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया. अब्दुल समद की ऑलराउंड भूमिका भी अहम रही.


