चलती गाड़ियों का दरवाज़ा खोलने वाला युवक गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने निकाली सारी हेकड़ी

नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली में एक खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. क्लिप में एक आदमी लापरवाही से चलती गाड़ियों के बीच से अपनी बाइक चलाता हुआ और अचानक DTC बस का दरवाज़ा खोलता हुआ दिख रहा है, जिससे सड़क पर यात्रियों और दूसरे ड्राइवरों की जान खतरे में पड़ गई.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: दिल्ली के नॉर्थ ईस्ट इलाके में एक खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसने लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए. वीडियो में एक युवक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर ट्रैफिक के बीच खतरनाक हरकतें करता दिखाई दे रहा है.

क्लिप में वह चलते वाहनों के बीच लापरवाही से बाइक दौड़ाते हुए एक डीटीसी बस का दरवाजा अचानक खोल देता है. इस दौरान सड़क पर मौजूद यात्रियों और अन्य वाहन चालकों की जान जोखिम में पड़ गई. वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आ गई.

वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

वायरल फुटेज में युवक तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए ट्रैफिक के बीच से गुजरता नजर आता है. इसी दौरान वह एक चलती डीटीसी बस का दरवाजा खोल देता है और अन्य वाहनों के साथ भी लापरवाही भरी हरकत करता दिखाई देता है. इस स्टंट ने सड़क पर अफरा-तफरी की स्थिति पैदा कर दी.

पुलिस ने लिया संज्ञान, दर्ज हुआ मामला

मामले का संज्ञान लेते हुए न्यू उस्मानपुर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जांच शुरू की गई. पुलिस टीम ने वायरल वीडियो का बारीकी से विश्लेषण किया और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली.
आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी

जांच के दौरान आरोपी की पहचान खजूरी खास निवासी तुषार पुनिया के रूप में हुई. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है.

जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए बाइक से रजिस्ट्रेशन प्लेट हटा दी थी. वीडियो में उसे ट्रैफिक के बीच तेज रफ्तार में बाइक चलाते और अचानक गाड़ियों के दरवाजे खोलते देखा गया. पुलिस के मुताबिक, इस तरह की हरकत गंभीर हादसे का कारण बन सकती है. मामले की आगे भी जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या आरोपी पहले भी ऐसी गतिविधियों में शामिल रहा है.

दिल्ली पुलिस की अपील

दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए कानून और सुरक्षा नियमों की अनदेखी न करें. कुछ सेकंड की प्रसिद्धि किसी की भी जान से ज्यादा कीमती नहीं होती.

पुलिस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो साझा कर पूरे मामले की जानकारी दी है और बताया है कि किस तरह आरोपी को गिरफ्तार किया गया.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag