टी20 वर्ल्ड कप से पहले नहीं थम रही ऑस्ट्रेलिया की मुश्किलें, कमिंस के अब ये दिग्गज गेंदबाज हुआ बाहर!
7 फरवरी 2026 से टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत होने वाली है. ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई टीम को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आई है कि जोश हेजलवुड शुरुआती मैचों में खेलते हुए नहीं दिखाई देंगे.

T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी से होने वाली है, लेकिन मैच से पहले ही ऑस्ट्रेलियाई टीम को बड़ा झटका लगा है. उनके मुख्य तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड शुरुआती मैचों में नहीं खेल पाएंगे. वे सिडनी में रहकर अपनी चोट से उबरने का इलाज जारी रखेंगे.
हेजलवुड कैसे हुए चोटिल?
जोश हेजलवुड पिछले कुछ समय से चोटों से जूझ रहे हैं. पहले हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आया, जिसके कारण वे एशेज सीरीज के सभी मैचों से बाहर हो गए. रिहैबिलिटेशन के दौरान उनकी एड़ी में भी चोट लग गई. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मेडिकल टीम ने फैसला किया कि उन्हें श्रीलंका ले जाने के बजाय घर पर ही बेहतर वातावरण में रिकवरी करनी चाहिए. इससे उनकी जल्दी वापसी की संभावना मजबूत होगी.
चयनकर्ता टोनी डोडेमाइड ने इस बारे में कहा कि जोश के लिए परिचित जगह पर रहकर पुनर्वास करना ज्यादा व्यावहारिक और फायदेमंद होगा. उन्होंने कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई कि हेजलवुड कब टीम में शामिल होंगे, लेकिन टीम उनकी फिटनेस पर नजर रखेगी.
रिजर्व के रूप में शामिल हुए शॉन एबॉट
हेजलवुड की अनुपस्थिति में तेज गेंदबाजी की गहराई बनाए रखने के लिए ऑस्ट्रेलिया ने अनुभवी गेंदबाज शॉन एबॉट को यात्रा करने वाले रिजर्व खिलाड़ी के रूप में टीम में जोड़ा है. एबॉट पाकिस्तान दौरे में भी थे और वे जरूरत पड़ने पर तुरंत खेल सकते हैं. नाथन एलिस भी चोट से उबर रहे हैं, इसलिए एबॉट का बैकअप होना महत्वपूर्ण है.
डोडेमाइड ने कहा कि नाथन एलिस की वापसी के साथ ही टीम ने शॉन को तेज गेंदबाजी कवर के तौर पर साथ रखने का फैसला किया. इससे किसी भी आकस्मिक स्थिति में टीम मजबूत रहेगी.
वहीं ग्लेन मैक्सवेल, नाथन एलिस और टिम डेविड पाकिस्तान टी20 सीरीज में नहीं खेले थे, लेकिन वे कोलंबो पहुंचकर टीम में शामिल हो जाएंगे. ऑस्ट्रेलिया अपना अभियान 11 फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ शुरू करेगा. इससे पहले वे नीदरलैंड के साथ वार्म-अप मैच खेलेंगे.
टी20 वर्ल्ड कप लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम
मिशेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कॉनॉली, टिम डेविड, बेन ड्वार्शियस, कैमरून ग्रीन, नाथन एलिस, जोश हेज़लवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैट कुहनेमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मैट रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस, एडम ज़म्पा, शॉन एबॉट (रिजर्व खिलाड़ी).


