टी20 विश्व कप 2026 से न्यूजीलैंड का घातक ऑलराउंडर बाहर, फैंस मायूस

टी20 विश्व कप 2026 से न्यूजीलैंड के अनुभवी ऑलराउंडर माइकल ब्रैसवेल टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. वे कम से कम तीन सप्ताह तक क्रिकेट से दूर रहेंगे. 

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को टी20 विश्व कप 2026 के बीच बड़ा झटका लगा है. टीम के अनुभवी ऑलराउंडर माइकल ब्रैसवेल टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. 34 वर्षीय ब्रैसवेल के बाएं पैर की पिंडली में एक बार फिर चोट उभर आई है, जिसके चलते वे कम से कम तीन सप्ताह तक क्रिकेट से दूर रहेंगे. 

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने की अधिकारिक पुष्टि 

चोट के कारण ब्रैसवेल का आगे खेलना संभव नहीं हो पाया और उन्हें विश्व कप से बाहर होना पड़ा. न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) ने आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि की है. ब्रैसवेल को यह परेशानी पहली बार जनवरी में भारत के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज के दौरान हुई थी. उसी चोट के चलते वे भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में भी हिस्सा नहीं ले सके थे. लंबे रिहैबिलिटेशन और मेहनत के बाद उन्होंने वापसी की कोशिश की, लेकिन दुर्भाग्य से चोट दोबारा उभर आने से उनका अभियान एक बार फिर अधूरा रह गया. 

टीम के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने ब्रैसवेल के बाहर होने पर दुख जताते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है. रॉब वाल्टर ने कहा कि माइकल के लिए यह स्थिति बेहद निराशाजनक है, क्योंकि वे न्यूजीलैंड के लिए खेलने को लेकर हमेशा बेहद प्रतिबद्ध रहे हैं. उन्होंने खुद को फिट रखने और टीम में जगह बनाने के लिए काफी मेहनत की थी, लेकिन चोट ने उनके सपनों पर पानी फेर दिया. कोच ने भरोसा जताया कि ब्रैसवेल मजबूत इरादों के साथ वापसी करेंगे.

यह पहली बार नहीं है जब ब्रैसवेल किसी बड़े टूर्नामेंट से बाहर हुए हों. इससे पहले वे भारत में आयोजित वनडे विश्व कप 2023 में भी हिस्सा नहीं ले पाए थे. उस समय उन्हें दाहिने पैर की एड़ी में गंभीर चोट लगी थी, जिसके चलते सर्जरी करानी पड़ी और उन्हें पूरे टूर्नामेंट से बाहर रहना पड़ा था.

कौन लेगा ब्रैसवेल की जगह?  

ब्रैसवेल की अनुपस्थिति को देखते हुए न्यूजीलैंड टीम ने कोल मैककॉन्ची को रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर टीम में शामिल किया है. कैंटरबरी किंग्स के कप्तान मैककॉन्ची 13 फरवरी को अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले टीम से जुड़ेंगे. उन्होंने अब तक न्यूजीलैंड के लिए 12 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिनमें 7.29 की इकॉनमी से सात विकेट लिए हैं. इसके अलावा उन्होंने छह वनडे मैचों में 4.82 की इकॉनमी से चार विकेट भी झटके हैं.

कोच वाल्टर ने मैककॉन्ची को एक अनुभवी और भरोसेमंद ऑलराउंडर बताते हुए कहा कि विश्व कप जैसे बड़े मंच पर उनके अनुभव से टीम को मजबूती मिलेगी. इस बीच, कप्तान मिशेल सैंटनर की अगुआई में न्यूजीलैंड ने टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत की है. टीम ने अपने शुरुआती दो मुकाबलों में अफगानिस्तान और यूएई को हराकर जीत की लय पकड़ ली है. यूएई के खिलाफ खेले गए मैच में सलामी बल्लेबाज फिन एलन और टिम सीफर्ट ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 10 विकेट से आसान जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag