पाकिस्तान में आंतरिक कलह, हेड कोच माइक हेसन पर भड़के सलमान अली आगा, VIDEO

पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा और हेड कोच माइक हेसन के बीच तीखी बहस देखने को मिली है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नामीबिया के खिलाफ पाकिस्तान की शानदार जीत के बावजूद टीम का डगआउट विवादों में आ गया. मैच के दौरान पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा और हेड कोच माइक हेसन के बीच तीखी बहस देखने को मिली, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

गुस्से में आगा ने पलटी पानी की बोतल 

रिपोर्ट्स के अनुसार, बल्लेबाजी के दौरान आउट होने के बाद सलमान काफी निराश नजर आए. जब वह डगआउट में लौटे तो उनकी कोच से बातचीत बहस में बदल गई. वीडियो में सलमान गुस्से में दिखे और उन्होंने पानी की बोतल पटक दी. इस घटना ने पाकिस्तान टीम के अंदरूनी माहौल को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है. खासकर ऐसे समय में जब टीम टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन कर रही है.

हालांकि मैदान पर पाकिस्तान का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा. टीम ने नामीबिया को 102 रनों के बड़े अंतर से हराया. इस जीत के सबसे बड़े हीरो साहिबजादा फरहान रहे, जिन्होंने 58 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाकर ऐतिहासिक पारी खेली. वह टी20 वर्ल्ड कप में शतक लगाने वाले पाकिस्तान के केवल दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं. उनकी इस शानदार पारी की बदौलत पाकिस्तान ने मजबूत स्कोर खड़ा किया.

फरहान ने शुरुआत में सैम अयूब के साथ उपयोगी साझेदारी की और फिर कप्तान सलमान अली आगा के साथ पारी को संभाला. अंत में शादाब खान के साथ तेज रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. गेंदबाजी में उस्मान तारिक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार विकेट लिए और नामीबिया की पूरी टीम को 97 रन पर समेट दिया.

इस जीत के साथ पाकिस्तान ने ICC मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में अपनी जगह पक्की कर ली है. अब सुपर-8 में पाकिस्तान को न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और श्रीलंका जैसी मजबूत टीमों का सामना करना होगा. वहीं दूसरे ग्रुप में भारत, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे शामिल हैं.

 21 फरवरी को न्यूजीलैंड बनाम पाकिस्तान

पाकिस्तान का पहला सुपर-8 मुकाबला 21 फरवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला जाएगा।.इसके बाद टीम 24 फरवरी को इंग्लैंड और 28 फरवरी को श्रीलंका से भिड़ेगी. हालांकि टीम ने मैदान पर दमदार प्रदर्शन कर सुपर-8 में जगह बनाई है, लेकिन कप्तान और कोच के बीच हुई बहस ने टीम के माहौल पर सवाल खड़े कर दिए हैं. आने वाले मुकाबलों में यह देखना दिलचस्प होगा कि पाकिस्तान इस विवाद को पीछे छोड़कर अपने प्रदर्शन को कैसे बनाए रखता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag