37 गेंदों में 93 रन! प्रियांश आर्य का तूफान, लखनऊ के उड़ गए होश
प्रियांश आर्य ने लखनऊ के खिलाफ 37 गेंदों में 93 रन ठोककर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सबका दिल जीत लिया. 251.35 के स्ट्राइक रेट वाली इस पारी के बाद वह क्रिकेट जगत में तेजी से चर्चा का विषय बन गए हैं.

न्यू चंडीगढ़ में खेले गए मुकाबले में युवा बल्लेबाज प्रियांश आर्य ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींच लिया. लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 37 गेंदों में 93 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसने दर्शकों को रोमांचित कर दिया. खास बात यह रही कि उन्होंने यह पारी बेहद आक्रामक अंदाज में खेली और उनका स्ट्राइक रेट 251.35 का रहा, जो इस मुकाबले की सबसे बड़ी चर्चा बन गया.
प्रियांश ने चार चौके और नौ शानदार छक्के जड़े
अपनी इस पारी में उन्होंने चार चौके और नौ शानदार छक्के जड़े. हालांकि, वह अपने शतक से चूक गए और मनीमारन सिद्धार्थ की गेंद पर आउट हो गए, जहां सीमा रेखा के पास मिचेल मार्श ने उनका बेहतरीन कैच लपका. इस दमदार प्रदर्शन के बाद हर कोई यह जानना चाहता है कि आखिर प्रियांश आर्य कौन हैं. 18 सितंबर 2001 को जन्मे प्रियांश एक बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, जबकि गेंदबाजी में वह दाएं हाथ से ऑफ ब्रेक करते हैं.
आईपीएल में वह पंजाब किंग्स का हिस्सा हैं, जबकि घरेलू क्रिकेट में दिल्ली की ओर से खेलते हैं. उनकी बल्लेबाजी शैली आक्रामक मानी जाती है, जो उन्हें अन्य युवा खिलाड़ियों से अलग बनाती है. प्रियांश की क्रिकेट यात्रा भी काफी दिलचस्प रही है. उनके पिता पवन कुमार खुद भी अपने समय में क्रिकेट खेल चुके हैं. उन्होंने एक बार बताया था कि प्रियांश को बचपन से ही क्रिकेट का शौक था. एक दिन टीवी पर मैच देखते हुए उसने सौरव गांगुली और क्रिस गेल की बल्लेबाजी देखी और उनसे प्रेरित होकर वैसा ही खिलाड़ी बनने का सपना देखा. खास तौर पर गेल की आक्रामक शैली का उन पर गहरा असर पड़ा, जिसके चलते उन्होंने बाएं हाथ से बल्लेबाजी शुरू की. इसके अलावा गौतम गंभीर को भी वह अपना आदर्श मानते हैं.
शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ा है प्रियांश का परिवार
प्रियांश का परिवार शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ा हुआ है. उनके माता-पिता दोनों ही दिल्ली में स्कूल टीचर हैं. उनके पिता क्रिकेट में ज्यादा आगे नहीं बढ़ सके, जिसके बाद उन्होंने शिक्षण को अपना पेशा बना लिया. उनकी बड़ी बहन भी पढ़ाई-लिखाई के क्षेत्र में है और एमए बीएड कर चुकी हैं. दिलचस्प बात यह है कि उनके परिवार में कुल छह सदस्य शिक्षक हैं.
आईपीएल करियर की बात करें तो 2025 की मेगा नीलामी में पंजाब किंग्स ने उन्हें 3.8 करोड़ रुपये में खरीदा था. तब से वह टीम के अहम खिलाड़ी बने हुए हैं. अब तक खेले गए 22 मैचों में उन्होंने 686 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं. उनकी प्रतिभा और हालिया प्रदर्शन को देखते हुए माना जा रहा है कि वह आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट का बड़ा नाम बन सकते हैं.


