नई दिल्ली: आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैदराबाद को 47 रन से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया. इस जीत के साथ राजस्थान ने क्वालीफायर-2 में जगह बना ली है, जहां उसका मुकाबला 29 मई को गुजरात से होगा. दूसरी ओर हैदराबाद की टीम का इस सीजन का सफर समाप्त हो गया.
मुल्लांपुर में खेले गए इस हाईस्कोरिंग मुकाबले में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 243 रन बनाए. यह आईपीएल प्लेऑफ इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर साबित हुआ. टीम की धमाकेदार शुरुआत ने हैदराबाद के गेंदबाजों को पूरी तरह दबाव में ला दिया. जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद निर्धारित ओवरों में 196 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई.
राजस्थान की जीत के सबसे बड़े हीरो युवा बल्लेबाज वैभव रहे. उन्होंने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 29 गेंदों में 97 रन ठोक दिए. उनकी पारी में चौकों और छक्कों की बारिश देखने को मिली. वैभव की तूफानी बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि राजस्थान ने शुरुआती आठ ओवरों में ही 125 रन बना डाले.
वैभव सूर्यवंशी के पास आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने का भी मौका था. वह क्रिस गेल के 30 गेंदों में शतक के रिकॉर्ड को तोड़ने के बेहद करीब पहुंच गए थे, लेकिन अपनी पारी की 29वीं गेंद पर आउट हो गए. हालांकि, उन्होंने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. वैभव अब एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इस सीजन में उनके नाम 65 छक्के हो चुके हैं, जबकि क्रिस गेल ने 2012 में 59 सिक्स लगाए थे.
हैदराबाद की बल्लेबाजी इस अहम मुकाबले में पूरी तरह लड़खड़ा गई. टीम के प्रमुख बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, हेड और क्लासेन उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके. इन खिलाड़ियों के जल्दी आउट होने से टीम दबाव में आ गई और लक्ष्य से काफी दूर रह गई. First Updated : Wednesday, 27 May 2026