इंडिया ए विमेंस ने राइजिंग एशिया कप का टाइटल किया डिफेंड, फाइनल में बांग्लादेश को दी पटखनी
एक बार फिर भारत ने जीत हासिल की है. एसीसी महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स के फाइनल में भारत ए ने बांग्लादेश ए को 46 रनों से हराकर खिताब सफलतापूर्वक डिफेंड कर लिया.

ACC Womens Asia Cup: बैंकॉक के तेरदथाई क्रिकेट ग्राउंड पर रविवार को खेले गए एसीसी महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स के फाइनल में भारत ए ने बांग्लादेश ए को 46 रनों से हराकर खिताब सफलतापूर्वक डिफेंड कर लिया. कप्तान राधा यादव की अगुवाई वाली टीम ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन दिखाया और बैक-टू-बैक चैंपियन बनी.
भारत ने बनाया प्रतिस्पर्धी स्कोर
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ए ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 134 रन बनाए. शुरुआत में टीम को झटके लगे. सलामी बल्लेबाज नंदिनी कश्यप और दिनेश वृंदा ने 30 रन की साझेदारी की, लेकिन दोनों जल्दी आउट हो गई. मिन्नू मणि पहली गेंद पर शून्य पर और अनुष्का शर्मा सिर्फ 8 रन बनाकर चलती बनी.
इस मुश्किल हालात में तेजल हसबनीस और कप्तान राधा यादव ने कमाल किया. दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 69 रन की मजबूत साझेदारी की. यादव ने 30 गेंदों में 36 रन (3 चौके, 1 छक्का) बनाए. हसबनीस ने नाबाद 51 रन (34 गेंद, 3 चौके, 2 छक्के) ठोके और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. बांग्लादेश की फाहिमा खातून ने 4/25 के शानदार स्पेल से सबसे ज्यादा विकेट लिए.
गेंदबाजों ने दिखाई धार
135 रनों का लक्ष्य लेकर उतरी बांग्लादेश ए की शुरुआत खराब रही. भारतीय गेंदबाजों ने शुरू से दबाव बनाए रखा और टीम को 19.1 ओवर में 88 रन पर ऑलआउट कर दिया. प्रेमा रावत ने 4 ओवर में 3/12 लेकर मध्य क्रम को तोड़ा. सोनिया मेंढिया और तनुजा कंवर ने 2-2 विकेट लिए. साइमा ठाकोर, मिन्नू मणि और राधा यादव ने 1-1 विकेट चटकाए.
बांग्लादेश की ओर से शमीमा सुल्ताना ने 15 गेंद में 20 रन (3 चौके) बनाकर थोड़ा संघर्ष दिखाया. कप्तान फहीमा खातून ने 14 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज साझेदारी नहीं बना सके. विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे.
मजबूत टीमवर्क से मिली जीत
यह जीत भारत ए की टीमवर्क, संयम और बेहतरीन गेंदबाजी का नतीजा थी. तेजल हसबनीस की पारी और प्रेमा रावत की गेंदबाजी सबसे अहम रही. टीम ने टूर्नामेंट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया और खिताब बरकरार रखा. यह जीत उभरती हुई भारतीय महिला क्रिकेटरों के लिए बड़ा प्रोत्साहन है.


