वानखेड़े स्टेडियम में भारत के सेमीफाइनल खेलने पर मंडराया खतरा, पाकिस्तान की वजह से बढ़ा सस्पेंस
आज भारत और साउथ अफ्रीका के बीच सुपर 8 का मुकाबला शुरू होने वाला है. हालांकि सवाल सामने आ रहे हैं कि क्या भारतीय टीम वानखेड़े स्टेडियम में सेमीफइनल खेलेगी या नहीं.

T20 World Cup 2026: भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज के सभी मैच जीतकर शानदार शुरुआत की है. अब सुपर 8 राउंड में भारत ग्रुप 1 में साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के साथ है. भारत का सुपर 8 अभियान आज रविवार को साउथ अफ्रीका के खिलाफ अहमदाबाद में शुरू होगा.
अगर टीम टॉप-2 में रही तो सेमीफाइनल में पहुंचेगी, लेकिन सेमीफाइनल का वेन्यू अभी भी अनिश्चित है, जो क्रिकेट फैंस में सस्पेंस पैदा कर रहा है.
सेमीफाइनल वेन्यू पर पाकिस्तान का असर
सेमीफाइनल 4 और 5 मार्च को होने हैं. सामान्य तौर पर पहला सेमीफाइनल कोलकाता (ईडेन गार्डेंस) और दूसरा मुंबई (वानखेड़े स्टेडियम) में निर्धारित है. हालांकि अगर पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंचा और भारत से मुकाबला हुआ तो मैच कोलंबो (आर. प्रेमदासा स्टेडियम) में शिफ्ट हो जाएगा. यह हाइब्रिड मॉडल के कारण है, जिसमें भारत-पाकिस्तान मैच न्यूट्रल वेन्यू पर होते हैं.
पाकिस्तान के सुपर 8 मैच भी श्रीलंका में हो रहे हैं, क्योंकि वे भारत में नहीं खेल रहे. आपको बता दें, पाकिस्तान का पहला सुपर 8 मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ बारिश से रद्द हो गया था, जिससे उनके सेमीफाइनल की राह मुश्किल हुई है.
अलग-अलग स्थितियों में भारत का सेमीफाइनल
- अगर भारत ग्रुप 1 में टॉप पर रहा और पाकिस्तान बाहर, तो पहला सेमीफाइनल 4 मार्च को कोलकाता में होगा.
- भारत टॉप और पाकिस्तान ग्रुप 2 में दूसरे स्थान पर रहा, तो भारत-पाकिस्तान सेमीफाइनल 4 मार्च को कोलंबो में होगा.
- भारत दूसरे और पाकिस्तान पहले पर रहा, तो फिर भी भारत-पाकिस्तान मैच 4 मार्च को कोलंबो में होंगे.
- भारत और पकिस्तान अपने-अपने ग्रुप के टॉप/सेकंड पर रहे, तो भारत का सेमीफाइनल 5 मार्च को मुंबई में होगा.
- पाकिस्तान बाहर और भारत दूसरे नंबर पर रहे, तब भी यह मुकाबला 5 मार्च को मुंबई में होंगे.
सुपर 8 में भारत के मैच
- 22 फरवरी - साउथ अफ्रीका vs भारत (अहमदाबाद)
- 26 फरवरी - जिम्बाब्वे vs भारत (चेन्नई)
- 1 मार्च - वेस्टइंडीज vs भारत (कोलकाता)
फाइनल 8 मार्च को अहमदाबाद में है, लेकिन अगर पाकिस्तान फाइनल में पहुंचा तो वह भी कोलंबो शिफ्ट हो सकता है. टीम इंडिया के लिए अब सुपर 8 में अच्छा प्रदर्शन जरूरी है ताकि सेमीफाइनल में घरेलू मैदान का फायदा मिले. फैंस को इंतजार है कि क्या भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला कोलंबो में होगा या नहीं.


