रोहित शर्मा की वापसी हुई कन्फर्म! इस मैच में गेंदबाजों पर कहर बनकर टूटेंगे हिटमैन
रोहित शर्मा बिना किसी परेशानी के जिम और ट्रेनिंग सेशन कर रहे हैं। फिजियो को पूरा भरोसा है कि वे मैच के लिए फिट रहेंगे। राहत की बात ये है कि रिकवरी के दौरान रोहित ने एक बार भी दर्द की शिकायत नहीं की।

नई दिल्ली: मुंबई इंडियंस के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। रोहित शर्मा ने ट्रेनिंग तेज कर दी है और 29 अप्रैल को वानखेड़े में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में खेलने के लिए तैयार हैं। हैमस्ट्रिंग इंजरी की वजह से वे 12 अप्रैल से बाहर थे। अब उनकी वापसी से मुंबई की लड़खड़ाती ओपनिंग जोड़ी को मजबूती मिलेगी।
वानखेड़े में ही होगी वापसी!
आपको बताते चलें कि RCB के खिलाफ मुंबई में हुए मैच में रोहित को हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। तभी से वे मैदान से दूर थे। लेकिन पिछले कुछ दिनों से वे मेडिकल टीम और सपोर्ट स्टाफ के साथ लगातार रिकवरी पर काम कर रहे हैं।
प्राप्त जानकारियों का मुताबिक रोहित का SRH के खिलाफ प्लेइंग इलेवन में चुना जाना लगभग पक्का है। वे बिना किसी परेशानी के जिम और ट्रेनिंग सेशन कर रहे हैं। फिजियो को पूरा भरोसा है कि वे मैच के लिए फिट रहेंगे। राहत की बात ये है कि रिकवरी के दौरान रोहित ने एक बार भी दर्द की शिकायत नहीं की।
रोहित शर्मा ने की वापसी की तैयार
चेन्नई सुपर किंग्स से जामनगर में हार के बाद मुंबई इंडियंस ने कुछ दिन का ब्रेक लिया था। 26 अप्रैल को टीम मुंबई लौटी और उसी शाम ऑप्शनल प्रैक्टिस सेशन रखा गया। रोहित शर्मा ने भी नेट्स में जमकर पसीना बहाया।
इस सेशन में उनके साथ हार्दिक पांड्या, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा भी मौजूद थे। रोहित नेट्स में पूरे रंग में दिखे। शॉट्स में वही पुरानी टाइमिंग और ताकत नजर आई। जैसे-जैसे मैच करीब आ रहा है, उनकी लय लौटती दिख रही है।
ओपनिंग को लेकर होगी चिंता
गौरतलब है कि रोहित के बाहर होने के बाद मुंबई ने ओपनिंग में कई कॉम्बिनेशन आजमाए। क्विंटन डी कॉक को मौका मिला और उन्होंने एक शतक भी जड़ा। लेकिन उसके बाद उनका बल्ला खामोश रहा। पिछले कुछ मैचों में डी कॉक के साथ दानिश मालेवार ओपनिंग करने आए। मगर मालेवार सिर्फ दो रन ही बना पाए। अब रोहित की वापसी के बाद मालेवार को बाहर बैठना पड़ सकता है।
रोहित ने इस सीजन चार मैचों में 45.67 की औसत से 137 रन बनाए हैं। उनकी वापसी से MI की बैटिंग लाइनअप फिर से सेट हो जाएगी। टीम को एक अनुभवी ओपनर मिलेगा जो पावरप्ले में तेज शुरुआत दे सके। अब सबकी नजरें 29 अप्रैल पर टिकी हैं। वानखेड़े में हिटमैन का बल्ला चलेगा या नहीं, ये देखना दिलचस्प होगा।


