नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बड़ा फैसला लेते हुए श्रेयस अय्यर को भारत की नई टी20 टीम का कप्तान बना दिया है. उन्होंने सूर्यकुमार यादव की जगह ली है. यह फैसला हाल ही में हुई BCCI एपेक्स काउंसिल की बैठक में लिया गया है. माना जा रहा है कि चयनकर्ताओं ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह बड़ा बदलाव किया है.
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने मार्च 2026 में टी20 वर्ल्ड कप का सफलतापूर्वक बचाव किया था. इसके बावजूद उनकी खराब बल्लेबाजी फॉर्म के चलते चयनकर्ताओं ने कप्तानी बदलने का फैसला किया. यह लगातार दूसरा साल है जब किसी बड़े टूर्नामेंट में जीत के बाद भारतीय टीम की कप्तानी बदली गई है. इससे पहले 2025 में रोहित शर्मा की जगह शुभमन गिल को वनडे कप्तान बनाया गया था.
सरपंच साहब की कप्तानी का आगाज आयरलैंड दौरे से हो सकता है. भारत को 26 और 28 जून को बेलफास्ट में दो टी20 मुकाबले खेलने हैं. इसके बाद टीम इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी. चयनकर्ता अब 2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक और आगामी टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखकर नई टीम तैयार करना चाहते हैं.
श्रेयस अय्यर को उनकी शानदार बल्लेबाजी और बेहतरीन नेतृत्व क्षमता का इनाम मिला है. उन्होंने आईपीएल में कई टीमों को सफलता दिलाई है. अय्यर ने 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स को चैंपियन बनाया था. वहीं दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स को भी फाइनल तक पहुंचाया. उनका हालिया प्रदर्शन भी शानदार रहा है.
आईपीएल 2025 में उन्होंने 604 रन बनाए, जबकि 2026 सीजन में भी 498 रन जड़े. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और कप्तानी कौशल ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया.
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी भले सफल रही, लेकिन उनकी व्यक्तिगत फॉर्म लगातार गिरती रही. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उन्होंने 9 पारियों में सिर्फ 242 रन बनाए। वहीं आईपीएल 2026 में भी उनका प्रदर्शन बेहद साधारण रहा. बीसीसीआई अब युवा नेतृत्व तैयार करना चाहता है, ताकि आने वाले बड़े टूर्नामेंटों में टीम मजबूत स्थिति में रहे. इसी सोच के तहत श्रेयस अय्यर को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है. First Updated : Friday, 05 June 2026