भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने शनिवार, 20 सितंबर 2025 को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में करिश्माई पारी खेलते हुए नया इतिहास रच दिया. मंधाना ने केवल 50 गेंदों पर शतक पूरा कर लिया और इस दौरान उन्होंने विराट कोहली का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया.
इससे पहले भारतीय खिलाड़ियों में सबसे तेज़ शतक का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम था. कोहली ने 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 52 गेंदों में शतक लगाया था. लेकिन अब मंधाना ने उनसे दो गेंद पहले शतक ठोककर यह कीर्तिमान अपने नाम कर लिया.
महिला क्रिकेट में भी यह रिकॉर्ड पहले से मंधाना के पास था. उन्होंने जनवरी 2025 में आयरलैंड के खिलाफ 70 गेंदों पर शतक लगाया था. हालांकि, इस बार ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ मात्र 50 गेंदों में शतक बनाना उनके करियर का ऐतिहासिक पल बन गया.
स्मृति मंधाना – 50 गेंद, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ, 2025
विराट कोहली – 52 गेंद, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ, 2013
वीरेंद्र सहवाग – 60 गेंद, न्यूजीलैंड के खिलाफ, 2009
विराट कोहली – 61 गेंद, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ, 2013
मोहम्मद अज़हरुद्दीन – 62 गेंद, न्यूजीलैंड के खिलाफ, 1988
मंधाना का यह शतक महिला वनडे इतिहास का दूसरा सबसे तेज़ शतक है. पहला रिकॉर्ड अब भी मेग लैनिंग के नाम है, जिन्होंने 2012 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 45 गेंदों पर शतक जड़ा था.
45 गेंद – मेग लैनिंग बनाम न्यूजीलैंड, 2012
50 गेंद – स्मृति मंधाना बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2025
57 गेंद – करेन रोल्टन बनाम साउथ अफ्रीका, 2000
57 गेंद – बेथ मूनी बनाम भारत, 2025
59 गेंद – सोफी डिवाइन बनाम आयरलैंड, 2018
60 गेंद – चमारी अथापथु बनाम न्यूजीलैंड, 2023
दिल्ली में खेला गया यह शतक मंधाना के करियर का 13वां वनडे शतक है. इसके साथ ही वह न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स के बराबर पहुंच गई हैं. दोनों खिलाड़ियों के नाम अब 13-13 शतक हैं. इस सूची में सबसे आगे ऑस्ट्रेलिया की महान बल्लेबाज मेग लैनिंग हैं, जिनके नाम 15 शतक दर्ज हैं.
15 – मेग लैनिंग
13 – सूजी बेट्स
13 – स्मृति मंधाना
12 – टैमी ब्यूमोंट
भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 413 रन का विशाल लक्ष्य मिला था. ऐसे में मंधाना की ताबड़तोड़ पारी ने रन चेज को आसान बनाने में बड़ी भूमिका निभाई. उनकी यह पारी महिला क्रिकेट के इतिहास में हमेशा याद रखी जाएगी.
First Updated : Sunday, 21 September 2025