भारत-पाकिस्तान मुकाबले में स्पिनरों का जलवा, PAK ने भारत को दिया 128 रनों का लक्ष्य

भारत-पाकिस्तान मुकाबले में भारतीय स्पिनरों के शानदार प्रदर्शन ने पाकिस्तान को 127/9 पर रोक दिया, जिसमें शाहीन अफरीदी की ताबड़तोड़ पारी ने आखिरी ओवरों में टीम को संभाला. मैच से पहले टॉस के दौरान सूर्यकुमार यादव द्वारा हाथ न मिलाने की घटना ने माहौल को गर्म कर दिया.

calender

Ind vs Pak: दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में एशिया कप 2025 के ग्रुप ए के मुकाबले में भारत और पाकिस्तान के बीच एक रोमांचक टक्कर देखने को मिल रहा है. पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 127 रन बनाए. शुरुआत में लड़खड़ाई पाकिस्तानी टीम को तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी की विस्फोटक पारी से थोड़ी राहत मिली. शाहीन ने महज़ 16 गेंदों पर 32 रन बनाए और आखिरी ओवर में दो बड़े छक्के भी जड़े, जिससे टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में मदद मिली.

पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब 

पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही. भारत की ओर से तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या ने शुरुआती दो ओवरों में ही विपक्षी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. हार्दिक ने पहली ही गेंद पर सैम अयूब को चलता किया और बुमराह ने अगले ओवर में मोहम्मद हारिस को पवेलियन भेजा.

फखर जमान और साहिबज़ादा फरहान ने कुछ देर तक पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन भारत के स्पिनर्स ने एक बार फिर बाजी मार ली. अक्षर पटेल ने फखर जमान को आउट कर पाकिस्तान की कमर तोड़ दी. इसके बाद कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती ने मिलकर मिडल ऑर्डर की बखिया उधेड़ दी. कुलदीप ने दो गेंदों में दो विकेट लेकर मैच का रुख ही पलट दिया. उन्होंने एक कैच छोड़ने के बाद अगली ही गेंद पर हसन नवाज़ को आउट कर दिया और फिर मोहम्मद नवाज़ को एलबीडब्ल्यू कर पाकिस्तान को बैकफुट पर धकेल दिया.

फरहान ने खेली 40 रनों की पारी 

भारत की गेंदबाजी में विविधता और आक्रामकता देखने को मिली. खासकर स्पिन विभाग में अक्षर, कुलदीप और वरुण ने मिलकर छह विकेट चटकाए. वहीं साहिबज़ादा फरहान ने 44 गेंदों पर 40 रनों की संयमित पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई समर्थन नहीं मिला.

मैच से पहले एक छोटा विवाद भी देखने को मिला, जब टॉस के समय भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया, जिससे माहौल थोड़ा गर्म हो गया.

पाकिस्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी थी. दोनों टीमों ने अपनी पिछली जीत वाली प्लेइंग इलेवन को बरकरार रखा. यह मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद यादगार और भावनात्मक रहा. First Updated : Sunday, 14 September 2025

Topics :