आईपीएल 2026 के 27वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रोमांचक भिड़ंत देखने को मिली. इस मैच में हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 194 रन बनाए और अंत में शानदार गेंदबाजी के दम पर चेन्नई को 10 रनों से हराकर जीत दर्ज की.
टॉस जीतकर चेन्नई ने पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया. उन्होंने महज 15 गेंदों में अर्धशतक जड़कर टीम को तेज शुरुआत दिलाई. 5.4 ओवर में बिना विकेट के 75 रन बना चुकी हैदराबाद को पावरप्ले के आखिरी क्षणों में बड़ा झटका लगा, जब मुकेश चौधरी ने लगातार दो गेंदों पर ट्रैविस हेड और ईशान किशन को आउट कर मैच में वापसी कराई.
अभिषेक शर्मा ने 22 गेंदों में 59 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 4 छक्के और 6 चौके शामिल रहे. उनके आउट होने के बाद टीम की रफ्तार धीमी पड़ गई. हेनरिक क्लासेन ने 39 गेंदों पर 59 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ा योगदान नहीं दे सके. नतीजतन, अच्छी शुरुआत के बावजूद टीम 194 रन तक ही पहुंच सकी.
चेन्नई की ओर से जेमी ओवरटन और अंशुल कंबोज ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट झटके, जबकि मुकेश चौधरी को 2 सफलताएं मिलीं. आखिरी ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी के चलते हैदराबाद बड़ा स्कोर खड़ा करने से चूक गई. लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने 66 रन के स्कोर तक तीन महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए. संजू सैमसन, आयुष म्हात्रे और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ जल्दी पवेलियन लौट गए. इसके बाद भी मध्यक्रम में कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका. सरफराज खान, मैथ्यू शॉर्ट और शिवम दुबे ने कोशिश जरूर की, लेकिन टीम को जीत के करीब नहीं पहुंचा पाए.
आखिरी ओवर में चेन्नई को जीत के लिए बड़े रन चाहिए थे, लेकिन हैदराबाद के गेंदबाज प्रफुल हिंगे ने शानदार नियंत्रण के साथ गेंदबाजी करते हुए मैच अपने नाम कर लिया. चेन्नई की टीम निर्धारित 20 ओवर में लक्ष्य से 10 रन पीछे रह गई और हैदराबाद ने एक महत्वपूर्ण जीत दर्ज की. First Updated : Saturday, 18 April 2026