क्लासेन की फिफ्टी और गेंदबाजों का जलवा, SRH ने KKR को 65 रनों से हराया

सनराइजर्स हैदराबाद ने 226 रन बनाकर कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रन से हराया और आईपीएल 2026 में अपनी पहली जीत दर्ज की. जयदेव उनादकट की शानदार गेंदबाजी और क्लासेन के अर्धशतक की बदौलत हैदराबाद ने मैच पर पूरी तरह दबदबा बनाए रखा.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 में शानदार वापसी करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रनों से हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की. इस मुकाबले में हैदराबाद की जीत के हीरो उसकी गेंदबाजी और दमदार बल्लेबाजी दोनों रहे. पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 226 रन बनाए और कोलकाता के सामने 227 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा.

ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की आक्रामक पारी 

हैदराबाद की शुरुआत बेहद आक्रामक रही. सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने तेज रन बनाते हुए सिर्फ 34 गेंदों में 82 रन जोड़ दिए. दोनों ने शुरुआती ओवरों में ही कोलकाता के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया. हेड ने 46 रन और अभिषेक ने 48 रन की उपयोगी पारियां खेलीं. इसके बाद हेनरिक क्लासेन ने पारी को संभालते हुए 35 गेंदों में 52 रन बनाए और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया.

कोलकाता की गेंदबाजी इस मैच में कमजोर नजर आई. हालांकि ब्लेसिंग मुजरबानी ने 4 विकेट और वैभव अरोड़ा ने 2 विकेट जरूर लिए, लेकिन बाकी गेंदबाज असर छोड़ने में नाकाम रहे. खासकर स्पिन विभाग में सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती कुछ खास नहीं कर सके, जिसका फायदा हैदराबाद के बल्लेबाजों ने उठाया.

अंगकृष रघुवंशी का संघर्ष 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी. पूरी टीम 16 ओवर में 161 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने 29 गेंदों में 52 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया. रिंकू सिंह ने 35 रन जोड़े, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में असफल रहे.

हैदराबाद की ओर से गेंदबाजी में जयदेव उनादकट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट लिए. ईशान मलिंगा और नीतीश कुमार रेड्डी ने भी 2-2 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया.

इस जीत के साथ हैदराबाद ने पिछले रिकॉर्ड को सुधारने की दिशा में कदम बढ़ाया, क्योंकि इससे पहले दोनों टीमों के बीच खेले गए मुकाबलों में कोलकाता का पलड़ा भारी रहा था. वहीं, कोलकाता की टीम को अपने गेंदबाजी और संयोजन में सुधार की जरूरत साफ नजर आ रही है.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो